Chaibasa : जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल में सोमवार को अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की गयी. बैठक के पश्चात असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि आगामी 19 से 21 जनवरी 2020 से राज्य के सभी जिलों में पल्स पोलियो (एनआईडी) दिवस मनाया जायेगा. साथ ही आईएमआई का द्वितीय चरण 6 जनवरी 2020 से किया जाना है. उक्त कार्यक्रम आयोजित करने में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेंगे. साथ ही साथ यूनिसेफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन, प्लान इंडिया, एविडेंस एक्शन पेयजल समेत अन्य सहयोगी संस्थानों द्वारा भी सक्रिय भागीदारी निभायी जाएगी.







