
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) ने 706 कर्मचारियों को वर्ष 2020-2021 के लिए 6.43 करोड़ रुपये के वार्षिक बोनस की घोषणा की. इस साल कर्मचारियों को अधिकतम 2 लाख 58 हजार रुपये जबकि न्यूनतम 33 हजार 557 रुपये पूरा अटेंडेंस पर मिलेगा. टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन वित्तीय वर्ष 2020-2021 के लिए 706 कर्मचारियों को 6.43 करोड़ रुपये का वार्षिक बोनस देने जा रहा है. बोनस की पात्रता पीबीटी, सुरक्षा प्रदर्शन, शिकायतों के अनुपालन, टॉप बॉक्स, ट्रांसमिशन और वितरण हानि, पानी के मद में कुल अलेखित हिसाब, ग्राहक संतुष्टि सूचकांक, बार-बार आने वाली शिकायतें, उत्पादकता और कुल उत्पादक रखरखाव, बेहतरीन प्रदर्शन जैसे विभिन्न मानकों पर कंपनी के प्रदर्शन पर आधारित है, जिनके द्वारा कंपनी को अपने रणनीतिक लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने में मदद मिलती है. इस तथ्य को ध्यान में रखें कि पिछली कमिटी के कार्यकाल की समाप्ति के बाद चुनाव नहीं हुए हैं, यूनियन के साथ किसी समझौते के अभाव में वित्त वर्ष 2021 के लिए बोनस का भुगतान, वित्त वर्ष 2020 के बोनस चार्ट पर सहमति के आधार पर तय किया गया है. बोनस मानकों पर प्रदर्शन के आधार पर अर्जित की गई राशि 6.281 करोड़ रुपये है. महामारी के दौरान शहर में निर्बाध सेवाओं को सुनिश्चित करने के कर्मचारियों के प्रयासों के साथ-साथ स्वच्छ भारत सर्वेक्षण में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, उच्चतम वेस्ट वाटर रिसाइक्लिंग, टीबीईएम में सर्वश्रेष्ठ स्कोर और वार्षिक खाद उत्पादन में अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्षन को ध्यान में रखते हुए बोनस राशि को बढ़ाकर 6.43 करोड़ रुपये किया गया. त्योहारी मौसम की शुरुआत को देखते हुए सभी कर्मचारियों को आने वाले दिनों में वार्षिक बोनस राशि का भुगतान किया जाएगा. कर्मचारियों के एकाउंट में मंगलवार से पैसे भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी. पिछले साल कर्मचारियों को 6 करोड़ 88 हजार 620 रुपये बोनस के मद में राशि दी गयी थी. इसके तहत अधिकतम 2,21,620 रुपये कर्मचारियों को मिला था. जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय के साथ इस बार समझौता नहीं हुआ है, लेकिन फार्मूला वहीं है, जो रघुनाथ पांडेय की अध्यक्षता वाली कमेटी के साथ जो समझौता हुआ था.













