
जमशेदपुर : जमशेदपुर में सत्ताधारी झामुमो के आंदोलन के बीच टाटा कमिंस ने अपना प्रेस बयान जारी किया है. इसको लेकर टाटा कमिंस ने कहा है कि टाटा कमिस प्राइवेट लिमिटेड (टीसीपीएल) ने एक कंपनी के रूप में हमेशा अपने कर्मचारियों, ग्राहको, पर्यावरण और अपने समुदायों के साथ विश्वसनीय साझेदारी के निर्माण के सिद्धांतों पर अमल किया है. इसी संदर्भ में, टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अश्वथ राम और टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक सुश्री अंजलि ने अपना संयुक्त बयान जारी किया है. इस बयान में इन दोनों ने कहा है कि जमशेदपुर में कंपनी के मौजूदा संचालन कार्यों को झारखंड राज्य के बाहर स्थानांतरित करने के बारे में अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों का पूर्ण रूप से खंडन करते हैं. टीसीपीएल के पंजीकृत कार्यालय को जमशेदपुर से पुणे स्थानांतरित करने की प्रक्रिया कुछ वर्षों पहले आरम्भ की गयी, ताकि वहां कारपोरेट कार्यालय में प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिल सके. पंजीकृत कार्यालय के स्थानांतरण से झारखंड राज्य अथवा जमशेदपुर में कंपनी के कारोबार, रोजगार और कल्याणकारी कार्यों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य में लागू श्रम कानूनों और अन्य नियमों का पालन करते आएं हैं और करते रखेंगे. एमडी अश्वथ राम और डायरेक्टर अंजली ने कहा है कि टाटा कमिंस वर्ष 1993 से जमशेदपुर में अपने कारोबार का संचालन कर रहे हैं. पिछले 28 सालों के दौरान कंपनी ने हमेशा इनोवेशन और विश्वसनीयता के अपने ब्रांड के वादे पर खरा उतरने की कोशिश की है. कंपनी ने गत वर्षों में हज़ारों लोगों को जीविका दी है. बीते वर्षों में कंपनी की ओर से जमशेदपुर में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी को अपनाने एवं उसे बेहतर बनाने तथा अपनी कार्यक्षमता के साथ-साथ उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए पर्याप्त निवेश किया है. इस क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के इलाकों के प्रति अपनी कारपोरेट जिम्मेदारी को इमानदारी से निभाते हुए, कंपनी की ओर से स्थानीय समुदायों के जीवन को बेहतर बनाने पर्यावरण की सुरक्षा तथा समाज कल्याण की दिशा में सकारात्मक रूप से मदद की है. एमडी ने कहा कि पिछले कुछ सालों के दौरान इन गतिविधियों में और वृद्धि हुई है और भविष्य में भी होती रहेगी. संयुक्त बयान में कहा गया है कि कोविड-19 महामारी के दौरान टीसीपीएल के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भी चिकित्सा सहायता एवं अन्य राहत सहायता उपलब्ध कराते हुए स्थानीय प्रशासन को अपना भरपूर सहयोग दिया है, जिसकी विभिन्न सरकारी एजेंसियों ने सराहना की है. एक बार फिर कंपनी की ओर से दोनों ही अधिकारियों ने आश्वस्त किया है और दोहराया है कि जमशेदपुर में अपने कारोबार के संचालन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं, साथ ही कंपनी पहले की तरह ही झारखंड राज्य और जमशेदपुर क्षेत्र के विकास एवं समृद्धि में अपना योगदान देना जारी रखेंगे. दोनों अधिकारियों ने कहा है कि वे लोग अपने ग्राहकों, भागीदारों, निकटवर्ती समुदायों तथा लाभार्थियों की सफलता को और सशक्त करने के प्रति संकल्प बध हैं और इस दिशा में लगातार काम करना जारी रखेंगे.
टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड का परिचय:
टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड (टीसीपीएल) की स्थापना वर्ष 1993 में हुई थी, जो भारत में मोटर वाहनों का निर्माण करने वाली सबसे बड़ी कंपनी, टाटा मोटर्स लिमिटेड तथा डीजल इंजनों के डिजाइन एवं निर्माण में विश्व में अग्रणी कंपनी, कमिंस इक, यूएसए के बीच 50/50 की भागीदारी के साथ शुरू किया गया एक संयुक्त उद्यम है. टीसीपीएल मध्यम श्रेणी के इंजनों का निर्माता है, जो 75 से 400 एचपी की रेंज में उच्चतम प्रदर्शन क्षमता वाले, विश्वसनीय और टिकाऊ इंजनों का निर्माण करता है. ये इंजन वर्तमान और भविष्य के उत्सर्जन मानदंडों का अनुपालन करते हैं. साथ ही ये विश्व स्तर पर उपयोगी भी हैं. टीसीपीएल 78 से 235 हॉर्स पावर की श्रेणी में कम उत्सर्जन वाले डीजल इंजनों का निर्माण करता है. इन इंजनों को टाटा मोटर्स की नई पीढ़ी के मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों में उपयोग के लिए डिज़ाइन किया गया है. टाटा कमिंस के उत्पाद हाइवे और ऑफ-हाइवे दोनों तरह की जरूरतों को पूरा करते हैं, तथा बड़े पैमाने पर विभिन्न व्यवसायों की मदद करते हैं जिसमें ऑटोमोटिव एवं औद्योगिक क्षेत्र से लेकर बिजली उत्पादन एवं वितरण व्यवसाय तक शामिल हैं. TCPL तीन अत्याधुनिक सुविधाओं: सुसज्जित एवं ऊर्जा कुशल विनिर्माण इकाइयों का संचालन करता है जिनमें से एक जमशेदपुर (झारखंड) में और दो फलटण महाराष्ट्र में है.




