जमशेदपुर : जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, टाटा मोटर्स प्रबंधन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सरकार के प्रतिनिधि एवं झामुमो के जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन की उपस्थिति में हुए समझौते के बाद टाटा मोटर्स गेट पर जारी धरना बुधवार को शाम 7 :30 बजे समाप्त हो गया.समझौते के तहत मृतक कर्मचारी सुबोध पात्रो के परिजनों में से एक पुत्र को टाटा मोटर्स में नियम के तहत स्थाई नौकरी, कुल रकम लगभग 77 लाख रुपये , क्वार्टर आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि प्रबंधन, विधायक मंगल कालिंदी एवं सरकार के प्रतिनिधि ने मिलकर मानवीय संवेदना के तहत मृतक के परिवार के एक सदस्य (पुत्र) को स्थाई नौकरी एक साल के ट्रेनिंग के बाद अथवा पदाधिकारी के रूप में इच्छानुसार नियोजन मिलेगा. उन्होंने कहा कि कंपनी के लिए औद्योगिक शांति वातावरण कायम रखना भी सबों की जिम्मेदारी है. तभी सबों को रोजगार भी मिलेगा.समझौता वार्ता मेंविधायक मंगल कालिंदी, सहायक दंडाधिकारी निखिल किरण ,जीएम एचआर प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह तथा स्वर्गीय सुबोध पात्रो के परिवार के सदस्यों में पत्नी व पुत्र शामिल थे.(नीचे भी पढ़े)
चार दिनों के संघर्ष के बाद स्थायी नौकरी और मुआवजे पर बनी सहमति, मजदूरों के हितों से समझौता नहीं होगा : बंटी सिंह

दूसरी ओर टाटा मोटर्स में मृतक कर्मचारी के परिवार को न्याय दिलाने तथा आश्रित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर चार दिनों से जारी संघर्ष आखिरकार सकारात्मक परिणाम के साथ समाप्त हुआ. लगातार चार दिनों तक चले इस आंदोलन में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े युवाओं ने दलगत भावना और राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए एकजुटता का परिचय दिया. बंटी सिंह के नेतृत्व में चले संघर्ष ने न केवल टाटा मोटर्स प्रबंधन पर दबाव बनाया, बल्कि मजदूरों के अधिकार और पीड़ित परिवार के सम्मान का सवाल भी उठाया. आंदोलन के परिणामस्वरूप मृतक परिवार को स्थायी नौकरी और मुआवजा देने पर सहमति बनी. आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन ने बंटी सिंह के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन की मजबूती, युवाओं की एकजुटता और लगातार बढ़ते जनसमर्थन को देखते हुए झामुमो सरकार के सहयोग से आंदोलन को नया राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि जब किसी आंदोलन में आम जनता और युवाओं का समर्थन बढ़ता है, तब कुछ राजनीतिक शक्तियां उस संघर्ष को अपने खाते में दर्ज कराने की कोशिश करने लगती हैं.(नीचे भी पढ़े)
अप्पू तिवारी ने कहा कि पिछले चार दिनों तक विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े युवाओं ने एक मंच पर आकर पीड़ित परिवार के लिए आवाज उठाई. यह जमशेदपुर की एकजुटता और मजदूरों के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है. इस संघर्ष में बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने जिस मजबूती के साथ मोर्चा संभाला, वह सराहनीय है. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कहा कि इस पूरे संघर्ष का उद्देश्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल को नीचा दिखाना अथवा आंदोलन का श्रेय लेना नहीं था. हमारी पहली और आखिरी प्राथमिकता मृतक परिवार को न्याय दिलाना थी. जिस परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खोया है, उसके सामने भविष्य की चिंता और आर्थिक संकट खड़ा हो गया था. ऐसे समय में परिवार के अधिकारों के लिए आवाज उठाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी थी.उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन को मजदूरों और उनके आश्रित परिवारों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए. किसी कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके परिवार को न्याय और सम्मानजनक जीवन देने की जिम्मेदारी प्रबंधन की भी है.वहीं, मृतक परिवार की ओर से सहदेव पात्रो ने भावुक होकर कहा कि इस कठिन परिस्थिति में उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि जब उनका परिवार संकट में था, तब जिन लोगों ने आगे आकर सहयोग किया और चार दिनों तक लगातार संघर्ष में साथ दिया, वे सभी उनके लिए आदरणीय हैं. इस लड़ाई में जिन्होंने भी उनके परिवार का साथ दिया, वे उनके योगदान को कभी नहीं भूलेंगे.उन्होंने कहा कि परिवार के लिए स्थायी नौकरी और मुआवजे पर बनी सहमति बड़ी राहत है. सभी लोगों के प्रति उनका परिवार आभार व्यक्त करता है.















