
रांची/जमशेदपुर/चाईबासा : झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखण्ड के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम सभी को साथ चल कर झारखंड को नित नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। हमारी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी। राज्य में अमन, चैन, शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा। आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने की दिशा में नई सरकार सदैव कार्य करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए लोगों के प्रति आभार जताया और कहा कि आप इस समारोह के साक्षी बने, यह राज्य के लिए बहुत ही गौरवशाली क्षण रहा।
शपथ ग्रहण को लेकर राज्य में उत्साह चरम पर रहा
नये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे राज्य में लोगों का उत्साह चरम पर रहा। मोरहाबादी स्थित कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सभी इस समारोह के साक्षी बने।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी बधाई
शपथ ग्रहण समारोह में झारखण्ड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन, रूपी सोरेन, राहुल गांधी (पूर्व अध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), ममता बनर्जी (मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल), तेजस्वी यादव (पूर्व उप मुख्यमंत्री बिहार), अशोक गहलौत (मुख्यमंत्री राजस्थान), भूपेश बघेल (मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़) शरद यादव (पूर्व सांसद राज्यसभा), एमके स्टालिन (अध्यक्ष डीएमके), केसी वेणुगोपाल (नेता भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), आरपीएन सिंह (झारखंड प्रभारी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), जीतन राम मांझी (पूर्व मुख्यमंत्री बिहार), रघुवर दास (पूर्व मुख्यमंत्री), मधु कोड़ा (पूर्व मुख्यमंत्री), समेत झारखण्ड सहित देशभर से आये विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई नेतागण, सभी नव निर्वाचित विधायक, सांसदगण अन्य आगंतुक शामिल हुए। सभी आगंतुकों ने शपथ ग्रहण के उपरांत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।







