
जमशेदपुर : टाटा स्टील को कारोबारी लिहाज से देश में बड़े ऑर्डर मिले है. हाल ही में टाटा स्टील को नये संसद भवन सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में 990 टन स्टील की सप्लाइ करने का टेंडर दिया गया है, जिसके तहत बड़ी सप्लाई कंपनी की ओर से की जा रही है. यह जानकारी टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने एमडी ऑनलाइन में अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहीं. श्री नरेंद्रन ने बताया कि देश में मॉडल के रुप में विकसित होने वाले हबीबगंज स्टेशन के पीपीपी मोड में चल रहे काम के तहत इस स्टेशन में होलो ट्यूब टाटा स्ट्रक्चरा की सप्लाइ का टेंडर मिला है, जिसके तहत करीब 1000 टन टाटा स्ट्रक्चरा की सप्लाइ की जा रही है. एमडी ने जानकारी दी है कि रांची में थ्री डी लाइन हाऊस बनाने की प्रक्रिया चल रही है. इसके तहत देश के छह स्थानों पर थ्री डी लाइट हाऊस स्थापित होने वाला है, जिसमें टाटा स्टील की भूमिका काफी अहम है और यह देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा. इस दौरान टाटा स्टील के एमडी ऑनलाइन के दौरान एलडी 3 के कमेटी मेंबर श्याम बाबू ने सवाल उठाया कि 12 साल बाद एनएस ग्रेड का प्रोमोशन का रास्ता ठहर जाता है. इस कारण नये कर्मचारियों को इसके प्रोमोशन देना चाहिए. इस पर एमडी ने कहा कि ऐसा पदाधिकारियों के मामले भी होता है. लेकिन चूंकि कंपनी ग्रोथ कर रही है तो एनएस ग्रेड और कर्मचारी का भी ग्रोथ का ख्याल रखते हुए इसका रोड मैप कैसे बन सकता है, इस पर वीपी एचआरएम अतरई सान्याल फैसला लेगी और इस पर वर्क आउट करेगी, जिसके बाद ही कोई फैसला हो सकता है. इस दौरान श्याम बाबू ने ही टीएमएच में रिपीट मेडिसिन उपलब्ध कराने का डिमांड किया ताकि लोगों को अस्पताल बार बार एक ही दवा लेने के लिए नहीं आना पड़े. इस पर वीपी सीएस चाणक्य चौधरी ने कहा कि यह सही सलाह है. इसके बेहतरी के लिए हम लोग जरूर विचार करेंगे. इसके अलावा इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट के एक कर्मचारी ने इलेक्ट्रिकल वेहिकल को बढ़ावा देने के लिए कंपनी की ओर से कर्मचारियों को इंसेंटिव देने की अपील की गयी. इस पर एमडी ने कहा कि ऐसा कोई फैसला तो नहीं हो सकता है, लेकिन फिर भी टाटा मोटर्स से बातचीत की जायेगी कि टाटा स्टील के कर्मचारियों को लेकर क्या कोई लाभ दिया जा सकता है.



