
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची को बिष्टुपुर और कदमा से जोड़ने वाली एक नयी सड़क का मंगलवार उदघाटन किया गया और इसे यातायात के लिए खोल दिया गया. टाटा स्टील की यह भेंट जमशेदपुर के नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना प्रदान करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है. इस सड़क को न्यू अरुण रोड नाम दिया गया है. यह पैदल चलने वालों के लिए 1.5-मीटर फुटपाथ के साथ 8 मीटर चौड़ा एक तरफ़ा सड़क है. सड़क 360 मीटर लंबी है और जरूरी सड़क चिह्नों व यातायात संकेतों के अलावा आधुनिक स्ट्रीट लाइट से जगमग है. क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए सड़क के दोनों ओर पौधारोपन किया जा रहा है. टाटा स्टील के चीफ प्रोजेक्ट डी प्रसाद और टाटा स्टील के चीफ कॉरपोरेट एडमिनिस्ट्रेशन ऋतुराज सिन्हा ने राजीव कुमार, चीफ टाउन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड लॉजिस्टिक्स की उपस्थिति में नयी सड़क का उदघाटन किया. इस कार्यक्रम में टाटा स्टील के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. इस सड़क के बनने के बाद लोग साकची के डायमंड बाजार से होते हुए आगे साकची थाना की ओर जा सकेंगे. इस सड़क के बंद होने के बाद साकची के पुराना ग्रेजुएट कॉलेज होते हुए साकची थाना की ओर जाने वाले रास्ता को बंद कर दिया जाएगा.



