धनबाद: धनबाद के आईआईटी (आईएसएम) में शनिवार सुबह पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर के छात्र माने राजकुमार प्रतीक की मौत हो गई. वह एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिर गया था. घटना सुबह करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच की बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही संस्थान के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. छात्र की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष थी. वह महाराष्ट्र के अहमदपुर का रहने वाला था.हॉस्टल से गिरने के बाद छात्र को धनबाद के अशर्फी अस्पताल ले जाया गया. (नीचे भी पढ़े)
जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. फिलहाल उसका शव अस्पताल के मॉर्चरी में रखा गया है. छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. उनके धनबाद पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस को भी सूचना दे दी गई है. छात्र आठवीं मंजिल से कैसे गिरा और इसकी वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस और संस्थान प्रबंधन मामले की जांच कर रहे हैं. जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चलेगा.












