
जमशेदपुर : टाटा स्टील के नये साल पर अधिकारियों को प्रबंधन ने बड़ा तोहफा दिया है. नये साल पर सारे अधिकारियों (ओपीआर यानी ऑफिसर) को एक साथ एक इ-मेल आया. इस इ-मेल में खुशखबरी दिया गया था, जिसके बाद उनमें काफी खुशी देखी जा रही है. सारे अधिकारी (आइएल 1 से आइएल 6 तक के अधिकारी) का एलटीसी यानी यात्रा भत्ता में करीब 25 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर दी गयी है. यह एलटीसी अभी से ही लागू कर दिया गया है. जिसको 80 हजार रुपये एलटीसी मिलता था, उसको अब डेढ़ लाख रुपये तक का एलटीसी मिलेगा. ऐसा ही हर ग्रेड के लिए एलटीसी मिलेगा. एलटीसी में औसतन 25 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गयी है, जिसको हर ऑफिसर को अलग-अलग इ-मेल के जरिये जानकारी दी गयी है. आइएल 1, आइएल 2, आइएल 3, आइएल 4, आइएल 5 और आइएल 6 तक के अधिकारियों को नये सिरे से एलटीसी की राशि में बढ़ोत्तरी की गयी है. बताया जाता है कि पहली बार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (एआइसीपीआइ) के जरिये अधिकारियों के एलटीसी समेत तमाम सुविधाओं को जोड़ दिया गया है, जिसके जरिये बढ़ोत्तरी बेहतर हो रही है. अब इतनी राशि एलटीसी की मिल तो गयी है, लेकिन यह राशि यात्रा करने के लिए दी जाती है. अभी विदेशों का ट्रैवल रुक चुका है. कोरोना के कारण लोग विदेश का दौरा नहीं कर पा रहे है. ऐसे में देश में सारे अधिकारी लगभग स्थानों पर या तो घुम चुके है या फिर घुमना नहीं चाहते है, लेकिन फिर भी इस राशि से उनके चेहरे चमक गये है और परिवार में भी खुशी की लहर है. आपको बता दें कि नॉन ओपीआर यानी कर्मचारियों के एलटीसी में पहले ही बढ़ोत्तरी की जा चुकी है.














