जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ विधायक पूर्णिमा साहू लगातार प्रयासरत हैं. क्षेत्रवासियों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को भुइयांडीह क्षेत्र को आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिली. भुइयांडीह छायानगर में न्यू सिविल कोर्ट के गेट संख्या-2 के समीप रैन बसेरा के पीछे 15वें वित्त आयोग (स्वास्थ्य प्रक्षेत्र) मद से करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास विधायक पूर्णिमा साहू, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं अन्य गणमान्यजनों ने संयुक्त रूप से किया. इस स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से भुइयांडीह एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. स्थानीय नागरिकों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी. स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर चैंबर, प्रतीक्षालय, पैथोलॉजी लैब, मेडिसिन रूम, पुरुष एवं महिला वार्ड, लेबर रूम, इंजेक्शन रूम, फार्मेसी रूम, नर्स रूम और स्टोर रूम जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. (नीचे भी पढ़े)

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रतिबद्धता है. इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से भुइयांडीह एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी. विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों की ओर भागने की मजबूरी कम होगी. विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि स्वस्थ जमशेदपुर का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनहित से जुड़ी कई अन्य योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा. इस दौरान इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, भाजपा नेता मिथिलेश सिंह यादव, राजीव सिंह, पवन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, कुमार अभिषेक, पप्पू उपाध्याय, बापन बनर्जी, युवराज सिंह, विकास शर्मा, अरुण मिश्रा, कंचन दत्ता, बोलटू सरकार, मीरा झा, सीमा दास समेत काफी संख्या में स्थानीय निवासी एवं महिलाएं मौजूद रहे.












