
जमशेदपुर : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन जमशेदपुर पहुंच गये. बुधवार दो मार्च की दोपहर श्री चंद्रशेखरन जमशेदपुर आये, जहां उनका सोनारी एयरपोर्ट पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने स्वागत किया. वे संस्थापक दिवस समारोह के दौरान मौजूद रहेंगे. इस मौके पर उनके साथ टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी समेत अन्य अधिकारियों ने भी उनका यहां आने पर स्वागत किया. तीन मार्च संस्थापक दिवस समारोह का आयोजन होगा, जिसमें वे बतौर मुख्य अतिथि हाजिर रहेंगे. (नीचे देखे पूरी खबर)

इससे पहले वे दो मार्च को कदमा सोनारी लिंक रोड के नये रुप को समर्पित करेंगे जबकि जुबिली पार्क के लाइटिंग का उदघाटन करेंगे. वे इससे पहले चार्टर्ड विमान से कड़ी सुरक्षा के बीच सोनारी एयरपोर्ट पर उतरे, जहां से सुरक्षा के बीच उनको डायरेक्टर्स बंगला लाया गया. वे यहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और जमशेदपुर का भी भ्रमण करेंगे. वे तीन मार्च को टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में भी जाकर संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. तीन मार्च के इस बार के कार्यक्रम में टाटा संस के एमिरट्स चेयरमैन रतन टाटा शामिल नहीं हो रहे है. एन चंद्रशेखरन का यहां कई कार्यक्रम प्रस्तावित है.






