
जमशेदपुर : भाजपा नीत केंद्र सरकार की उद्योग नीति के विरोध में देश भर के 11 संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए 28 और 29 मार्च को आम हड़ताल का ऐलान किया है. इस दौरान पूरे देश भर में करोड़ो मजदूर विरोध जताते हुए प्रदर्शन करेंगे. इसको लेकर मंगलवार को साकची गोलचक्कर पर झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने आंदोलन की शुरुआत कर दी. इस दौरान नारे भी लगाए गए और मजदूरों से भारी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
जानकारी देते हुए राकेश्वर पांडे ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जो नियम बनाए गए हैं वह सिर्फ उद्योगपतियों को ही लाभ पहुंचाने के लिए है, जबकि मजदूरों को इससे कोई लाभ नहीं होगा. ये सभी मजदूर विरोधी नीतियां है. इसी के विरोध में देश भर के 11 संगठनों ने 28 और 29 मार्च को हड़ताल पर रहने का आह्वान किया है. इस बीच लोगों को इस आंदोलन में शामिल होने के लिए बैठकें भी की जायेंगी. उन्होंने कहा कि फिर भी अगर सरकार इन नियमों को वापस नहीं लेती तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा.




