
जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड और टाटा स्टील यूरोप को 2022 का स्टील सस्टेनेबिलिटी चैंपियंस घोषित किया गया है. यह घोषणा वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन की ओर से लगातार पांचवीं बार घोषित किया गया है. जब से इस कार्यक्रम की ओर से वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन की ओर से वर्ष 2018 में शुरू किया गया था, तब से आज तक लगातार टटा स्टील को सस्टेनेबिलिटी चैंपियंस घोषित किया जा रहा है. वर्ष 2021 में टाटा स्टील समेत दस कंपनियों को यह चैंपियंस में शामिल किया गया था. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने बताया कि हम लोगों को यह अवार्ड लगातार पांचवीं बार मिलना गर्व का विषय है. यह हमारे बेहतर भविष्य की राहों को आसान बनाता है. तकनीक में किये गये निवेश, अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल, कम खर्च में क्लीन एनर्जी का बेहतर इस्तेमाल के साथ आर्थिक दृष्टिकोण के साथ स्टील के क्षेत्र में उठाये गये नवोन्वेषी कदम के कारण यह संभव हो सका है. अपनी इस निरंतर यात्रा में लगातार हम लोग कारगर तरीके से काम करते रहेंगे और नित्य नयी ऊंचाईयों की ओर बढ़ते रहेंगे. इससे पहले मार्च 2022 को वर्ल्ड स्टील 2022 सस्टेनेबिलिटी चार्टर के लिए भी चयनित किया गया था. सस्टेनेबिलिटी चैंपियंस मान्यता के लिए जीतने वाली प्रविष्टियों का मूल्यांकन सामग्री दक्षता, पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली, खोए हुए समय की चोट आवृत्ति दर, कर्मचारी प्रशिक्षण, नई प्रक्रियाओं और उत्पादों में निवेश, वितरित आर्थिक मूल्य जैसे स्थिरता संकेतकों पर उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के आधार पर किया जाता है. इसके अलावा, कंपनियां वर्ल्डस्टील के डेटा संग्रह कार्यक्रम को लाइफ साइकिल इन्वेंटरी (एलसीआई) डेटा प्रदान करती हैं जो कंपनी के कच्चे इस्पात उत्पादन डेटा के 50% से अधिक को कवर करता है और 5 वर्ष से कम पुराना है. कंपनियां वर्ल्ड स्टील सस्टेनेबल डेवलपमेंट चार्टर पर हस्ताक्षर करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं. वर्ल्डस्टील के अनुसार, वार्षिक स्थिरता चैंपियन मान्यता कार्यक्रम स्टील कंपनियों को अपने प्रयासों को बढ़ाने, उच्च मानक निर्धारित करने और स्थिरता लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर प्रगति करने के लिए प्रोत्साहित करता है. सतत विकास के लिए उद्योग की मजबूत प्रतिबद्धता और सक्रिय जुड़ाव प्रदर्शित करने के लिए यह कार्यक्रम एक प्रभावी माध्यम भी है.
क्या है वर्ल्ड स्टील
वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन (वर्ल्ड स्टील) दुनिया के सबसे बड़े और सबसे गतिशील उद्योग संघों में से एक है, जिसके सदस्य हर प्रमुख इस्पात उत्पादक देश में हैं. वर्ल्ड स्टील इस्पात उत्पादकों, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय इस्पात उद्योग संघों और इस्पात अनुसंधान संस्थानों का प्रतिनिधित्व करता है। सदस्य वैश्विक इस्पात उत्पादन का लगभग 85 फीसदी प्रतिनिधित्व करते हैं.





