जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) की अघीकृत यूनियन जुस्को वर्कर्स यूनियन की शुक्रवार को कमेटी मीटिंग हुई. इस मीटिंग में तमाम कमेटी मेंबर एवं ऑफिस बियररों ने अपने मुद्दों को उठाया. इस दौरान सारे लोगों ने वेज रिवीजन जल्द से जल्द कराने की मांग की क्योंकि यहां 31 दिसंबर 2017 से ही वेज रिवीजन समझौता लंबित है. इस पर यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने कहा कि वेज रिवीजन को लेकर बातचीत हो रही है. एमजीबी कितना हो रहा है, यह नहीं बता सकते है. पिछली बार 15 फीसदी एमजीबी मिला था. इस पर कमेटी मेंबरों ने मांग रखी कि कम से कम 18 फीसदी का एमजीबी तो होना ही चाहिए. इन लोगों को यह बताया गया का चूंकि 2017 से वेज रिवीजन लंबित है, इस कारण तत्काल समझौता कराया जाये. इस दौरान बताया गया कि 2017 से सात साल के लिए वेज रिवीजन समझौता होगा. एरियर की राशि भी कर्मचारियों को दिलाया जायेगा. लेकिन समझौता के बिंदूओं पर कोई जानकारी देने से अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने इनकार कर दिया. बैठक में यूनियन के विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि 31 दिसंबर 2017 से ही ग्रेड रिवीजन लंबित है, इसे पूरा कराना पहली प्राथमिकता है. साथ ही एलटीसी, बोनस सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. सभी ऑफिस बियरर के सुझाव को बारी-बारी से सुना गया और अगली बैठक से पूर्व उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. इसी क्रम में यूनियन की ओर से ओर टाटा स्टील सिक्यूरिटी के तैराक मजरुल बारी को सम्मानित किया गया. श्री बारी शहर एवं आसपास के इलाकों में नदियों तालाबों में डूबने वाले लोगों को रेस्क्यू करते हैं. अब तक सैकड़ों लोगों को उन्होंने रेस्क्यू कराया है. यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि पिछले 20 से 25 सालों से मजहरुल बारी अपनी सेवा दे रहे हैं, उन्हें सम्मानित करना यूनियन के लिए गौरव की बात है. वहीं मजरुल बारी ने इसके लिए यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडे के प्रति आभार जताया और कहा उनकी बदौलत ही मैंने तैराकी का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया. आज मैं जिस मुकाम पर हूं उसमें रघुनाथ पांडे की बड़ी भूमिका रही है. इसी तरह स्पोटर्स विभाग के हसन इमाम मल्लिक उर्फ चिकू भाई को भी सम्मानित किया गया.


