जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने सोमवार को नये साल के स्वागत पर जमशेदपुर के रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस (आरएमसीइ) मे केक काटा. जमशेदपुर के गणमान्य लोगों के साथ उन्होंने केक काटा. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन के साथ टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी के अलावा टिनप्लेट के पूर्व एमडी आरएन शर्मा मौजूद थे. इस मौके पर सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स, सीआइआइ, यंग इंडियंस समेत तमाम औद्योगिक और व्यापारिक संस्थानों के लोगों के अलावा जमशेदपुर के सम्मानित लोग मौजूद थे. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने अपने संबोधन में कहा कि नये साल में नयी चुनौतियां है. आने वाले दिनों में वित्तीय स्थितियां बदलेगी. (नीचे भी पढ़ें)

दुनिया के हालात से आप अछूता नहीं रह सकते. चीन में कोरोना आया तो सारे लोग प्रभावित हुए, यूक्रेन और रुस की लड़ाई का असर यहां भी हुआ, इस कारण इन सारी चुनौतियों को देखते हुए कार्य योजना बनाकर काम करना होगा. उन्होंने बताया कि भारत सरकार की कार्य योजना काफी बेहतर हुई है. लेकिन हम लोगों को आने वाले 30 साल में देश को नंबर वन स्थिति में लाना होगा. कार्बन फुटप्रिंट के साथ हम लोगों को काम करना होगा. जीएसटी कलेक्शन काफी बेहतर हुआ है. आने वाले दिनों में और बेहतर अर्थव्यवस्था के रुप में भारत विकसित होगा. इस मौके पर टाटा स्टील के वीपी सीएस ने बताया कि जमशेदपुर के विकास में टाटा स्टील हमेशा से सहायक रही है और आने वाले दिनों में भी रहेगी.




