जमशेदपुर : टाटा स्टील के न्यू सीरीज ग्रेड के कर्मचारियों के लिए 2023 अच्छे दिन लेकर आयेगा. एनएस ग्रेड के रुके हुए प्रोमोशन को इस साल के सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा में टाटा वर्कर्स यूनियन ने रखा है. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौघरी टुन्नु ने इस मसले पर प्रबंधन को जानकारी दे दी है कि इसका कोई बेहतर रास्ता निकालना होगा. वर्ष 2023 के संकल्प में इसको भी शामिल किया गया है. बताया जाता है कि वर्तमान में कंपनी के मेंटेनेंस विभागों और कुछ कम महत्व के ऑपरेशन विभागों में सुपरवाइजर और एनएस 7 के कर्मचारियों को वी-14 और एनएस 9 से ऊपर में प्रोमोशन का कोई अवसर नहीं है जबकि ऑपरेशन के कई विभागों में वी 20 और एनएस 12 तक प्रोमोशन की संभावनाएं रहती है. एनएस ग्रेड के कर्मचारियों का कहना है कि सभी विभागों में इस तरह का प्रोमोशन दिया जाये. दरअसल, कर्मचारी और सुपरवाइजर वर्ग में कई ऐसी सुविधाएं हैं, जो मेंटेनेंस ग्रुप के लिए परंपरागत रूप से नहीं हैं परन्तु ऑफिसर वर्ग में जिस तरह जॉब रोटेशन और प्रमोशन पद्धति है, जिससे यह लगता है कि अगर इच्छाशक्ति हो तो यूनियन उन्हें प्राप्त कर सकता हैं. उदाहरण के लिए अफसर वर्ग में मेंटेनेंस और ऑपरेशन के पदाधिकारियों के प्रमोशन की पद्धति और लिमिट में कोई अंतर नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
आइएल-6 आने के बाद उस तरह के कई उदाहरण हैं, जिन्हें देखकर यह लगता है कि जो कर्मचारी आइएल-6 नहीं बनता, उसके लिए मेंटेनेन्स ग्रुप में प्रमोशन की उचित पद्धति नहीं है जिसपर यूनियन को काम करने की आवश्यकता है. जैसे कोई मेन्टेनेन्स का जूनियर इंजीनियर या सुपरवाइजर अगर आइएल-6 बन जाता है तो वह कालांतर में उस स्तर तक जा सकता है, जहां तक ऑपरेशन का जूनियर इंजीनियर या सुपरवाइजर आइएल 6 बनने के बाद जा सकता है. उसी प्रकार अगर कोई मेंटेनेंस में काम करने वाला जूनियर इंजीनियर अथवा सुपरवाइजर अगर चाहे तो ऑपरेशन में आइएल-6 बन जाता है और आगे भी जा सकता है. वर्तमान में एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को ग्रेड के थर्ड ब्लॉक से फोर्थ ब्लॉक में जाने का रास्ता काफी कम है. सारे कर्मचारी एक ही ग्रेड में रह जाते है. कई जगहों पर यह भी देखा जा रहा है कि पुराने ग्रेड भी कम है. इस कारण लोगों को प्रोमोशन नहीं मिल पा रहा है. पुराने ग्रेड के कर्मचारी भी एक ही ग्रेड में रुके हुए है. ऐसे एनएस ग्रेड के साथ पुराने ग्रेड के कर्मचारियों के भी प्रोमोशन की संभावनाओं को तलाशा जायेगा. इसके बारे में पूछे जाने पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि जल्द ही हम लोग इस पर बातचीत करेंगे और चाहेंगे कि इस मसले का सर्वमान्य हल निकले ताकि कर्मचारियों का ग्रोथ हो सके.




