
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा है कि नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) के कारण बाजार आर्थिक हालात काफी खराब हो चुके है. बाजार काफी खराब है. हालात को सुधारने में अभी एक से डेढ़ साल का वक्त अभी और लग सकता है. टीवी नरेंद्रन मंगलवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के अलावा बोकारो, झरिया समेत तमाम कंपनियों के यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन जुड़कर बात कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने यूनियन के नेताओं के सवालों का भी जवाब दिया. टाटा स्टील के एमडी ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर भारत में जो हालात है, वह ठीक नहीं है. अभी कब तक यह हालात सुधरने वाला है, यह कोई नहीं कहा जा सकता है. एमडी ने कहा कि कोरोना वायरस की इस लड़ाई में सबको मिलकर लड़ना है. टाटा स्टील के कर्मचारियों को सतर्क रहना है और जमशेदपुर के लोगों को भी काफी सतर्कता से रहना है. उन्होंने टाटा स्टील के कर्मचारियों से अपील भी की कि कई विभाग कंपनी में काम कर रहे है. इसके लिए प्रशासन द्वारा पास निर्गत किया गया है. इस पास का किसी तरह से कोई गलत इस्तेमाल नहीं करें, यह सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी भी यूनियन को एमडी ने दी और कहा कि सिर्फ ड्यूटी के लिए ही इस तरह के पास का इस्तेमाल करें. उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के कारण बाजार में डिमांड कब तक बढ़ेगा, यह नहीं कह सकते है, लेकिन यह अभी देखकर कहा जा सकता है कि एक से डेढ़ साल का वक्त जरूर लग सकता है क्योंकि जब तक किसी तरह का टीका विकसित नहीं हो जाता है या स्थायी इलाज नहीं सामने आ जाता है, तब तक बाजार में कांफिडेंस नहीं आयेगा. ऐसे में कुछ भी कयास नहीं लगाया जा सकता है. इस दौरान एमडी ने कर्मचारियों द्वारा आपात स्थिति में एक दिन का वेतन देने पर आभार भी यूनियन नेताओं के प्रति जताया और कहा कि इस मुश्किल घड़ी में इस तरह का साथ मिलने से काफी मदद देश को होगा.
टाइमपास के लिए ऑनलाइन क्लासेस भी कर सकते है
टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने इस दौरान यह सवाल उठाया कि समय व्यतीत करना मुश्किल है. इस पर एमडी ने कहा कि यह परेशानी जरूर है, लेकिन इसके अलावा और कोई रास्ता नहीं है. ऑनलाइन क्लासेस किया जा सकता है. ऑनलाइन क्लास के जरिये लोग काफी कुछ नयी जानकारी ले सकते है.
इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह ने कहा-मिलकर पार लड़ लेंगे लड़ाई
इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह ने भी इस दौरान एमडी से बातचीत की. एमडी से राजेंद्र सिंह ने कहा कि मिलकर इस लड़ाई को वे लोग लड़ेंगे. सोशल डिस्टेंसिंग रखते हुए बेहतर प्रोडक्शन करेंगे और खनिज में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होगी.
टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष ने कहा-मुश्किल दौर में एचआरएम विभाग ने बेहतर काम किया
इस दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने कहा कि मुश्किल दौर है. इस मुश्किल दौर को सारे लोग मिलकर पार कर लेंगे. इस दौरान एचआरएम विभाग द्वारा ड्यूटी देने के मामले में किये गये बदलावों की भी तारीफ अध्यक्ष ने की और कहा कि इस हालात में एचआरएम विभाग के अधिकारियों ने समन्वय बनाकर बेहतर काम किया है. टीएमएच ने भी कोविड-19 को लेकर जो तैयारी की है, वह काबिलेतारीफ है.
मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय ने कहा-हर सहयोग देने को हम लोग तैयार है
मजदूर नेता और टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने इस मीटिंग में शिरकत की. श्री पांडेय ने कहा कि हर सहयोग देने के लिए वे लोग तैयार है. उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट के साथ समन्वय स्थापित कर कोरोना वायरस से लड़ाई लड़ते हुए कंपनी को भी कैसे सुचारु रुप से संचालित किया जाना है, इसके लिए कदम से कदम मिलाकर ही चलेंगे.













