Jamshedpur : जमशेदपुर की कदमा पुलिस इन दिनों लापरवाही से काम करती नजर आ रही है। बीते एक हफ्तों की बात करें तो यहां कई अपराध हो चुके हैं। बुधवार को इन अपराधों में एक और घटना जुड़ गई। इस बार भाजपा नेता पप्पू गुप्ता के साथ कुछ लोगों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया। उनके साथ युवकों ने मारपीट भी की।

इस मामले में जब पप्पू गुप्ता कदमा थाना में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे तो थानेदार ने उन्हें कहा कि अभी ऐसे ही बहुत बदनामी हो चुकी है आप लोग लिखित शिकायत मत कीजिए मैं मामले की जांच करता हूं। फिलहाल पप्पू गुप्ता ने मामले की शिकायत नहीं की है। घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वह विश्वकर्मा पूजा को लेकर अपनी गाड़ी धुलवाने जा रहे थे। टोल ब्रिज गोल चक्कर के पास अचानक उन्हें भईया भईया कहते हुए चार-पांच युवकों ने रोका। उनके रुकते ही एक युवक ने जेब से उनका मोबाइल निकाल लिया।

जब उन्होंने इसका विरोध किया तो युवकों ने अपने पास रखें पाइप से वार करना शुरू कर दिया। उन्होंने बीच-बचाव में एक युवक को पकड़ भी लिया तब तक उनमें से दूसरे युवक ने कहा कि हथियार निकालो, इतने में उन्होंने युवक को छोड़ दिया। सभी भागते हुए नदी की ओर फरार हो गए। वे लिफ्ट मांग कर गणेश महाली के घर पहुंचे और उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी। सभी कदमा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी रंजीत से बातचीत की। थानेदार ने कहा कि फिलहाल शिकायत ना करें मामले की जांच करेंगे। पप्पू गुप्ता ने बताया कि वे उनमें से एक युवक को देखते ही पहचान लेंगे। कदमा थाना क्षेत्र में आए दिन अपराधियों का दबदबा बढ़ता ही जा रहा है। पुलिस उन्हें पकड़ने में नाकाम नजर आ रही है।

















