
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित कलिकानगर निवासी शशि शेखर मिश्रा के खाते से साइबर ठगों ने 4,70,640 रुपए की अवैध निकासी कर ली. जानकारी मिलने पर शशि ने साइबर थाने में मामला दर्ज कराया है. शशि ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक के मानगो शाखा में है. गुरुवार को उन्होंने बैंक के नीचे स्थित एटीएम से 10 हजार रुपए निकाले. एटीएम से रुपए नहीं निकले पर उनके मोबाइल पर रुपए कटने का मैसेज आया. वे इसकी शिकायत करने बैंक पहुंचे. बैंक वालों ने बताया कि कस्टमर केयर पर शिकायत करने से पैसे वापस खाते में आ जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उन्होंने गूगल पर पीएनबी कस्टमर केयर नंबर सर्च किया तो उन्हे 9883876148 नंबर मिला. नंबर पर फोन करने पर बताया गया कि बैंक की ओर से एक लिंक भेजा जा रहा है. लिंक पर क्लिक कर मांगी गई जानकारी देने के बाद रुपए वापस आ जाएंगे. फोन पर आए लिंक को क्लिक करने के बाद उनसे बैंक, आधार कार्ड, एटीएम नंबर और एटीएम पिन देने को कहा गया, जिसे उन्होंने भर कर सबमिट कर दिया. शुक्रवार सुबह उन्हें फिर से फोन आया. फोन करने वाले ने पूछा कि रुपए वापस आए या नहीं. इसके बाद उसने कहा कि मोबाइल पर आया ओटीपी बताने के बाद रुपए वापस आ जाएंगे. ओटीपी बताने के बाद जब उन्हें शक हुआ और उन्होंने फोन पे के माध्यम से अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो उनके खाते से सारे रुपए निकाल लिए गए थे. इधर शिकायत मिलने पर पुलिस ने जब जांच की तो पाया कि जिस खाते में रुपए ट्रांसफर हुए हैं, उससे भी रुपयों की निकासी कर ली गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.






