जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए धनतेरस का दिन (6 नवंबर 2026) ऐतिहासिक हुआ. कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में धनवर्षा हुई. 11 हजार से अधिक कर्मचारियों के बैंक अकॉउंट में वेज रिवीजन का समझौता के बाद एरियर की पूरी राशि पहुंच गयी. बताया जाता है कि एरियर की राशि को टाटा स्टील मैनेजमेंट ने सुबह 9.30 बजे कैश को रिलीज़ किया औऱ सुबह 11 बजे तक बैंक के एकाउंट में पैसा चला गया. इसकी जानकारी टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू ने आधिकारिक तौर पर सभी पदाधिकारियों औऱ कमिटी मेंबरों को दी. इसके साथ ही कर्मचारियों के चेहरे खिल गए. धनतेरस के दिन कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में धन वर्षा ने कर्मचारियों की खुशी को दोगुना कर दिया. मिनी जानकारी के मुताबिक टाटा स्टील के कर्मचारियों को 18 माह के एरियर का भुगतान किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के एकाउंट में 1.50 लाख तक की राशि गयी है जबकि कई कर्मचारियों के एकाउंट में 2 लाख रूपये तक एरियर की राशि भी भेजी गयी हैं. इसी तरह ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को भी 1 लाख रूपये से 1.50 लाख रूपये तक एकाउंट में पैसा गया है. एरियर का शत-प्रतिशत लाभ कंपनी के सभी कार्यरत स्थायी कर्मचारियों को मिलेगा. इसके अलावा 1 अप्रैल 2026 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को भी पूरा एरियर दिया जायेगा. वहीं, 1 जनवरी 2025 से 1 अप्रैल 2026 के बीच सेवा से अलग हुए कर्मचारियों को एरियर की 50 फीसदी राशि मिलेगी. इस तरह कंपनी के 11 हजार से अधिक कर्मचारियों को वेज रिवीजन समझौते का लाभ मिलेगा. गौरतलब है कि वेज रिवीजन समझौते के तहत ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों के मिनिमम गारंटीड बेनिफिट (एमजीबी) में कुल 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गयी है. इसमें 5 फीसदी की वृद्धि 1 जनवरी 2025 से और शेष 5 फीसदी की वृद्धि 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हुई है. इससे कर्मचारियों के वेतन में औसतन करीब 12535 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी हुई है. न्यू सीरीज के कर्मचारियों के एमजीबी में औसतन करीब 8810 रुपये प्रति माह की वृद्धि हुई है. बढ़े हुए वेतन का लाभ कर्मचारियों को अगस्त 2026 से मिलना शुरू हो चुका है.












