जमशेदपुर : रंगदारी के लिए जमशेदपुर शहर में दहशत गोली चलाकर दहशत फैलाने की बड़ी घटना की साजिश को बिष्टपुर पुलिस ने नाकाम कर दिया है. रविवार को गुप्त सूचना पर पुलिस ने अपराध की नियत से बिष्टुपुर इलाके में घूम रहे साउथ पार्क निवासी निशु उर्फ निसार हसन को लोडेड देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक बाइक व मोबाइल भी जब्त किया गया है. इस मामले में निशु के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार निशु का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है. सोनारी थाना इलाके में गत 23 दिसंबर 21 को राजपूत करणी सेना के नेता गणेश सिंह पर बम से हमला हुआ था. उसमें भी निशु संलिप्त था. बम कांड को अंजाम देने के पूर्व निशु के घर में ही बम तैयार किये गए थे. उस मामले में तब पुलिस ने बम कांड के मुख्य आरोपी सज्जाद उर्फ कोंडा समेत पांच लोगों को जेल भेजा था. निशु व अन्य चार तब से फरार थे. इस मामले में निशु ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.सोमवार को इस बाबत एसएसपी डॉ एम तमिल वानन ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को इसकी जानकारी दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

2014 में जेल से छूटने के बाद चल गया था मुंबई
एसएसपी ने बताया की निशु 2013 में टेल्को चोरी के मामले में जेल गया था. 2014 में लाल घर से आने के बाद मुंबई चला गया. कोरोना काल में वह वापस शहर आया. तब आर्थिक तंगी से जूझने पर फिर अपराध का रास्ता चुना. (नीचे देखे पूरी खबर)

एक लाख में किया था बम कांड, 10 हजार ही मिले
एसएसपी ने बताया की गणेश सिंह पर हुए बम कांड में निशु के घर बम बनाने व दो दिन तक बम सुखाए गए थे. इस कांड को अंजाम देने के लिए मास्टर माइंड ने एक लाख रूपये देने की सुपारी दी थी, लेकिन 10 हजार ही मिले थे. एसएसपी ने बताया की बम कांड में फरार अन्य चार आरोपी निशु के संपर्क में थे. निशु को रिमांड में लेकर उनका पता लगाया जायेगा और गिरफ्तारी की जाएगी. साथ ही गम्हरिया, आदित्यपुर समेत अन्य थाना में भी निशु के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जायेगा.
गीतांजलि बार से भी मांगी थी रंगदारी
निशु ने 17 मार्च को गीतांजलि बार के मालिक से भी 10 हजार की रंगदारी मांगी गई थी. उस मामले में भी वह फरार चल रहा था. प्रेस वार्ता में सिटी एसपी के विजय शंकर राव, सीसीआर डीएसपी अनिमेष गुप्ता, बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु कुमार राउत आदि पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.





