
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा दिये गये नोटिस के जवाब देने के लिए समय की मांग आयोग से की है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने माइंस लीज प्रकरण को लेकर मांगे गये स्पष्टीकरण के जवाब देने के लिए खुद को मानसिक तौर पर तैयार नहीं कर पाये है. मां की तबीयत खराब है, जिस कारण वे खुद को तैयार नहीं कर पाये है. कानूनी जानकारों से रायशुमारी नहीं कर पाये है. जब मां बीमार थी, तब ही यह नोटिस आया है और उनको उनके इलाज के लिए हैदराबाद आना जाना करना पड़ रहा है. इस कारण मानवीय आधार पर एक माह का समय दे दिया जाये ताकि वे अपने पारिवारिक जिम्मेदारी और राज्य की जिम्मेदारी को भी मिभा सके. आपको बता दें कि 13 मई को उनकी मां रुपी सोरेन का ऑपरेशन होने की संभावना है. 2 मई को इलेक्शन कमीशन ने मुख्यमंत्री को नोटिस भेजते हुए 10 मई तक जवाब देने के लिए कहा था. चुनाव आयोग को जवाब देना था, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने सहयोगियों के साथ बैठक करने के बाद अपने विशेष दूत के माध्यम से रांची से नयी दिल्ली चुनाव आयोग भेजा और समय मांगने के आवेदन को रिसीव कराया है. बताया जाता है कि अब समय के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिर से हैदराबाद चले जायेंगे. 11 मई को कैबिनेट की बैठक होगी, जिसके बाद वे कैबिनेट की बैठक में भाग लेकर सीधे रांची से फिर से हैदराबाद चले जायेंगे, जहां 13 मई को मां का ऑपरेशन होने वाला है. (नीचे देखे पूरी खबर-कांग्रेस-झामुमो का संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में विधायकों ने क्या कहा)

कांग्रेस-झामुमो ने की संयुक्त संवाददाता सम्मेलन, भाजपा पर बोला हमला
दूसरी ओर, कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी और झामुमो के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू संयुक्त रुप से रांची में संवाददाता सम्मेलन आयोजित की है. इस मामले में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा जो सपना देख रही है कि चुनाव आयोग के माध्यम से वे लोग सत्ता में वापस कर जायेंगे, यह सपना पूरा नहीं होने वाला है. ऐसे सपने चकनाचूर हो जायेंगे. इसका करारा जवाब आने वाले चुनाव में फिर से जनता भाजपा को देगी क्योंकि वह जनता से दूर होकर सिर्फ जोड़तोड़कर सरकार बनाने के जुगत में लगे हुए है. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी लूट और भ्रष्टाचार की बात कर रहे है और भाजपा के सुर में सुर मिला रहे है. कल तक वे भाजपा के खिलाफ बोलते थे. अब वे बिना पेंदी का लोटा हो चुके हैं. श्री अंसारी ने कहा कि राज्य में 20 सालों तक भाजपा की ही सरकार रही है. अब सत्ता से बाहर रहने पर भ्रष्टाचार की बात कह रहे है. हेमंत सोरेन की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश में भाजपा लगी है. इस संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश सिन्हा भी मौजूद थे. दूसरी ओर, झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा सपना देख रही है और जनता को बरगलाने में लगी हुई है क्योंकि महंगाई से जनता की जान जा रही है. गठबंधन दल पूरी तरह एकजुट है, जो उनको पच नहीं रहा है. उन्होंने कहा कि महंगाई जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए लाउडस्पीकर, हनुमान चालिसा, सरकार को हटाने के मुद्दे पर लोगों का ध्यान ले जा रहे है ताकि किसी तरह लोग महंगाई पर बात नहीं कर सके. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार एकजुट है और उस पर किसी तरह का कोई असर नहीं पड़ने वाला है.




