
जमशेदपुर : झारखंड में वर्चुअल रैली का दौर चल रहा है. इस कड़ी में भाजपा के जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने पलामू के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगाँठ के अवसर पर मंगलवार को जमशेदपुर के सांसद ने पाँकी विधानसभा के कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने कार्यालय से संबोधित किया. दोपहर 12:00 बजे प्रारंभ हुई ऑनलाइन वर्चुअल रैली में पाँकी के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. केंद्र में सशक्त नेतृत्व प्रदान कर रही मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धि गिनाते हुए सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के इस एक वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक एवं बड़े फैसले से परिपूर्ण बताया. इस ऑनलाइन रैली के दौरान झारखंड के प्रदेश अध्य्क्ष दीपक प्रकाश, चतरा के सांसद सुनील सिंह, विधायक डॉ शशिभूषण मेहता, जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, प्रेम सिंह, विजयानंद पाठक, जमशेदपुर महानगर से जिला महामंत्री अनिल मोदी, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री गुंजन यादव, भाजयुमो जिला अध्य्क्ष अमरजीत सिंह राजा, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता पप्पू सिंह, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, वर्चुअल जिला प्रभारी प्रभाकर प्रसाद, दीपू सिंह, संजीव सिन्हा, मनीष पांडेय एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल रैली में भाग लिया. यह जानकारी भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने दी.

कुणाल षाड़ंगी के वर्चुअल रैली में संबोधन, कुणाल ने कहा-कश्मीर मांगोगे तो चीर देंगे के नारे को मोदी सरकार ने दिया मूर्त रूप
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश व्यापी वर्चुअल रैली के क्रम में मंगलवार को जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी ने संवाद कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई. भाजपा पश्चिमी सिंहभूम के फेसबुक पेज से आयोजित वर्चुअल रैली में पांच हज़ार से अधिक पार्टी कार्यकर्ता और जनता शामिल हुए. लगभग 32 मिनट के ऑनलाइन संबोधन में पूर्व विधायक और युवा भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों सहित प्रदेश भाजपा के सेवा कार्य और कोरोना महासंकट पर खुलकर चर्चाएँ की. कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि देश का नेतृत्व मज़बूत हाथों में है. केंद्र की मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगांठ पर युवा भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जनता के बीच केंद्र सरकार के कार्यों की रिपोर्ट कार्ड को प्रस्तुत किया और हेमंत सरकार को कई सवालों में घेरा। कहा कि संकट को अवसर में बदलने और तकनीक से जनता को सीधा जोड़ने में भाजपा की कोई सानी नहीं है. डीबीटी के माध्यम से बिचौलियों की कमीशनखोरी पर रोक लगाने की बात हो या कोरोना महासंकट के दौर में भी डिजिटल तकनीकों से जनता से जुड़े रहने की बात हो, भाजपा हमेशा पार्टी विथ डिफरेंस रही है. मुख्यमंत्री रघुवर दास की महत्वकांक्षी योजना “मुख्यमंत्री कृषि आशिर्वाद योजना” को हेमंत सरकार ने बंद कर के किसानों को कठिनाईयों में धकेला है. दूसरी ओर जानबूझकर प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना की राशियों को झारखंड में बैंकों द्वारा होल्ड पर रखे जा रहे हैं। किसानों के लोन माफ़ी के चुनावी जुमले को याद दिलाते हुए कुणाल षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि ग़रीब किसानों से आख़िर कैसे आँख मिला पाएंगे मुख्यमंत्री. श्री षाड़ंगी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वाहन किया कि समावेशी विकास और आधारभूत संरचनाओं का जो विकास मॉडल प्रधानमंत्री मोदी ने स्थापित किया है उसकी जानकारी और योजनाओं से जनता को जोड़ने में भाजपा कार्यकर्ता सेतु की भूमिका निभाएं.

जामा विधानसभा के वर्चुअल सभा में डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने मंगलवार को जामा विधानसभा के वर्चुअल सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में गाँव, गरीब, किसान तथा मजदूरों की दशा में सुधार हुआ है। आयुष्मान योजना के तहत 1 करोड़ से अधिक लोगों का बड़े अस्पतालों में निःशुल्क इलाज हुआ. प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना के तहत प्रत्येक किसान को 6 हजार रूपये की नकद राशि सहायता के रूप में मिली. धान एवं गेहूँ के समर्थन मूल्य की राशि बढ़ाई गई। किसानों को कम ब्याज दर पर ॠण मिलने लगा. 60 वर्ष के उपरांत किसान, छोटे व्यापारी तथा मजदूरों को 3 हजार रूपये प्रति माह की दर से पेंशन का प्रावधान हुआ. गरीब कल्याण योजना के तहत लॉक डाऊन के दौरान प्रत्येक परिवार को मोदी सरकार ने दुगुना राशन प्रदान किया। बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सॄजित करने के उद्देश्य से तथा आत्मनिर्भर भारत बनाने हेतु लघु, कुटीर तथा मध्यम दर्जे के उद्योगों के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज घोषित किया गया. आर्थिक स्वावलम्बन तथा स्वदेशी के महात्मा गाँधी के विचारों को मोदी साकार कर रहे हैं. वर्चुअल सभा में दुमका के सांसद सुनील सोरेन, जिला अध्यक्ष निवास मंडल, जामा विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं लोग सम्मिलित हुए.




