
रांची : झारखंड में लोग मर रहे है, लेकिन राजनेताओं को अपनी राजनीति चमकाने से इस विकराल रुप के बीच भी कोई गुरेज नहीं है. लाशों पर लोग राजनीति कर रहे है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के हालात का जायजा लेने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फोन किया. उन्होंने राज्य के हालात और केंद्र से क्या सहायता चाहिए, इसके बारे में जानकारी दी और बताया कि केंद्र सरकार झारखंड को हर संभव मदद पहुंचाना चाहते है. इसके बाद की बातचीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर दी. हेमंत सोरेन ने ट्विट में लिखा ”आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते।. इसके बाद तो भाजपा के नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ हल्ला ही बोल दिया. पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने तो मोर्चा संभाल लिया और हेमंत सोरेन को खरी खोटी सुनायी. रघुवर दास ने ताबड़तोड़ तीन ट्विट किये. एक ट्विट में रघुवर दास ने कहा ”अहंकार छोड़िये हेमंत जी। पद की गरिमा का ख्याल रखिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को झारखंड से काफी स्नेह है। राज्य में फैली कुव्यवस्था से चिंतित प्रधानमंत्री जी ने आपको फोन किया। राजनीति बंद कर उनके सुझावों पर अमल करें। राज्य की ध्वस्त हो रही व्यवस्था संभालिये।” इस ट्विट के बाद रघुवर दास ने अपना ट्विटर पर ही वीडियो बयान जारी कर कहा ”हेमंत जी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर की गई टिप्पणी अमर्यादित है। वे लगातार अपनी अक्षमता प्रदर्शित करते रहे हैं। उनसे राज्य नहीं संभल रहा हो और केंद्र की मदद के बिना एक काम भी नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें सत्ता केंद्र सरकार को ही सौंप देनी चाहिए। ये है झारखंड की सच्चाई।” इसके बाद रघुवर दास ने तीसरे ट्विट में कहा ”हेमंत जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। जिस शिद्दत से झारखंड सरकार अपनी नाकामी का ठीकरा केंद्र पर फोड़ने की कोशिश कर रही है, यह प्रयास स्वास्थ्य सेवा की बेहतरी के लिए किया होता तो राज्य में मौत का आंकड़ा छिपाना नहीं पड़ता।(नीचे देखिये रघुवर दास का वीडियो बयान और पूरी खबर)
मामला यहीं नहीं रुका, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी ट्विटर पर दो ट्विट किये और हेमंत सोरेन पर हमला बोल दिया. बाबूलाल मरांडी ने अपने ट्विट में लिखा है कि ”माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी बचपने से बाहर आइए, बिलबिलना बंद कीजिए और झारखंड की जनता की कराह सुनिए। कब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्र सरकार के आड़ में अपने आप को ‘’जुगाड़ टेक्नोलॉजी’’ से बचायेंगे? विज्ञापन के बाज़ार से निकल कर धरातल पर आइए और अपनी नाकामियों को ठीक कीजिए, ये समय राजनीति करने करने का नहीं काम करने का है। अख़बार/मीडिया पर आये दिन सरकारी विज्ञापन रोकने का कोड़ा चलाकर अपनी नाकामी पर कबतक पर्दा डालियेगा? इसके अलावा भी कई नेताओं ने हेमंत सोरेन के खिलाफ वार किया तो झामुमो के नेताओं और मंत्रियों ने भी भाजपा का करारा जवाब दिया और ट्विटर पर कोरोना का सियासी संग्राम छिड़ गया.











