
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं जमशेदपुर भाजपा में अनेकों पद पर रहे राम सिंह मुंडा पर मंगलवार सुबह हुए जानलेवा हमले के विरोध में अनुसूचित जनजाति मोर्चा जमशेदपुर महानगर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया. जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बिनानंद सिरका के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर की बिगड़ी कानून व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया. इस दौरान घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव मुख्यरूप से शामिल हुए. मौके पर उपस्थित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर उरांव ने शहर एवं पूरे प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि सूबे की कानून व्यवस्था रसातल में चली गई है. अपराधियों का पुलिस प्रशासन से खौफ खत्म हो चुका है. पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर आए दिन हो रहे हमले की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राजनीतिक हिंसा का स्थान लोकतंत्र में नहीं है. हमले के पीछे जो भी दोषी हैं जिला प्रशासन उन सभी को चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करें. शिवशंकर उरांव ने राम सिंह मुंडा से अस्पताल में मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. वहीं, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने राम सिंह मुंडा पर हुए जानलेवा हमला की कड़ी शब्दों में निंदा की. उन्होंने कहा कि राज्य में हेमंत सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. दीपावली के दिन इस प्रकार की घटना सुबह-सुबह हो जाना जिला प्रशासन एवं पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा कर रहा है. पुलिस प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में तत्परता से कार्य करने चाहिए. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पर किया गया हमला बहुत ही निंदनीय है. उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. पुतला दहन के दौरान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता काजू सांडिल, विजय कुमार गोंड, उपेंद्रनाथ सरदार, डॉ आरके मांझी, राजेंद्र मुंडा, विजय सोय, सोमा दिग्गी, सुनील दिग्गी, दानियाल दानिश, नंदजी प्रसाद, तौसीफ अहमद, सदानंद महतो व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे. दूसरी ओर, भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए हमला करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं को रोकने में नाकाम रहा है. आये दिन शहर में बढ़ती आपराधिक घटना सुर्खियों बनी रहती है. भाजपा कार्यकर्ता पर हुआ हमला जानलेवा हमला शहर की कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को बयां करता है. गूंजन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है। कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में जज, पत्रकार, डॉक्टर, नेता, कार्यकर्ता समेत आमजन सुरक्षित नहीं है। पर्व-त्योहार के बीच ऐसी घटना हो जाना चिंताजनक है. उन्होंने ऐसी घटनाओं पर रोकथाम के लिए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है. वहीं, जिलाध्यक्ष गूंजन यादव ने राम सिंह मुंडा से टाटा मेन अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और घटना की जानकारी लेकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.













