
रांची : झारखंड की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा की सहयोगी पार्टी आजसू के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. आजसू के केंद्रीय कार्यालय में जन संग्रह धन संग्रह अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा है कि जल, जंगल, जमीन और जमीर को सरकार ने खतरे में डाल दिया है. अभियान झारखण्ड के जनधन से मूलधन को बचाने की तैयारी है. हमारी समझ है कि इस तौर तरीके से एक नई राजनीतिक संस्कृति का जन्म होगा. भाषा को हथियार बनाकर हेमंत सरकार द्वेष फैलाना चाहती है. झारखण्ड को अशांत करना चाहती है. उन्होंने कहा कि पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता और समर्थक जब लोगों तक अपने हाथ बढ़ाएंगे, तो सामूहिकता और जनभागीदारी की भावना का संचार होगा. आम जन की उम्मीदों को बल प्रदान करेगा. जाहिर है कि यह अभियान हमें आगे बढ़ने और राजनीतिक हालात बदलने का साहस देगा. यह अभियान 31 मार्च तक चलेगा. इस अभियान के माध्यम से 1 लाख सक्रिय तथा 10 लाख लोगों को जोड़ने की तैयारी है. आजसू प्रमुख ने कहा कि साल 2022 पार्टी के लिए संघर्ष वर्ष है. पार्टी झारखण्ड के हर जन आंदोलन से जुड़ेगी और जनमुद्दों पर आवाज मुखर करेगी. (नीचे देखे पूरी खबर)

झारखण्ड एवं झारखण्डियों के विषय पर अब चुप नहीं बैठेंगे. अब मूल चिंतन को लेकर आगे बढ़ने का समय है. अलग-अलग वर्ग से कई प्रमुख चेहरे ने आजसू पार्टी का दामन थामा. इनमें स्वदेशी समूह “झारखंड सेव द फॉरेस्ट मूवमेंट” की कार्यकर्ता एवं वनों के प्रबंधन को लेकर आंदोलन का नेतृत्व करने वाली तथा टाना भगत परिवार की बेटी “झारखण्ड स्टार गर्ल” सूर्यमणि भगत, सेंट्रल यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर तथा पद्मश्री डॉ रामदयाल मुंडा के सुपुत्र गुंजल इकिर मुंडा, सिदो-कान्हू मुर्मू के वंशज मंडल मुर्मू, मिरांडा हाउस (दिल्ली यूनिवर्सिटी) की प्रोफेसर कामिनी दास, दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अंबुज जायसवाल, डॉ अनुपम कुमार, शैलेंद्र यादव, अवनीश कुमार, कर्मवीर सिंह, डॉ कुणाल महतो, डॉ हिरण्य हिमकर, अभियंता प्रभात कुमार महतो, रितेश प्रसाद, रुपक कुमार, प्रदीप कुमार महतो, मनीष सिंह, अखिलेश झा, हिंदुस्तान टाइम्स के पूर्व छायाकार परवाज़ खान के अलावा रंजन कुमार, सौरभ मुखर्जी, कर्मा कुमार, नम्रता झा, डॉ. आदित्य महतो, शिक्षक एवं समाजशास्त्री डॉ. पुरुषोत्तम कुमार पांडेय शामिल हैं. कार्यक्रम के शुभारंभ पर गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि लोकहित के साथ जमीन से जुड़े और जन मुद्दे हमारे लिए सर्वोपरि रहे हैं. जनसंग्रह-धनसंग्रह अभियान इसे नया तेवर देगा. आगे बढ़ने और राजनीतिक हालात बदलने का साहस देगा तथा सामूहिकता और जनभागीदारी की भावना का संचार करेगा. कार्यक्रम में गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो, केंद्रीय मुख्य प्रशिक्षक संजय बसु मालिक, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेन्द्र मेहता, प्रो विनय भारत, संजय महतो, भरत काशी, हाकिम अंसारी, हरीश कुमार, गौतम सिंह आदि मौजूद थे.





