
जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला लीगल सेल प्रभारी एवं श्रीश्री संकटमोचक हनुमान मंदिर, हरिजन स्कूल मैदान, भालूबासा के अध्यक्ष युवा नेता मनीष रजक ने शनिवार को टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा में शोक की लहर दौड़ गयी. शनिवार सुबह जब उनके पार्थिव शरीर को भालूबासा स्थित आवास लाया गया तो उनके अंतिम दर्शन को भाजपा नेताओं का तांता लग गया. भालूबासा स्थित आशीष किशोर संघ के समीप आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, पवन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा समेत कई नेताओं ने पार्थिव शरीर पर सम्मान स्वरूप पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर व पुष्प अर्पित कर नमन किया. भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर नम आंखों से विदाई दी. इस दौरान वे मनीष रजक के निधन से काफी व्यथित दिखे. उन्होंने कहा कि पार्टी को सक्रिय रूप से योगदान देने वाले एवं कई धार्मिक और सामाजिक कार्यों में अग्रणीय भूमिका निभाने वाले मनीष रजक का अल्प आयु में हम सबों को यूं छोड़ चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है. अपनी सक्रियता से उन्होंने भालूबासा क्षेत्र में पार्टी को सशक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया. उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किये जा रहे राजनीतिक और सामाजिक कार्यों को हमसब मिलकर आगे ले जाएंगे. इस मुश्किल घड़ी में दिवंगत मनीष रजक के परिवार के साथ भाजपा पूरी मजबूती से खड़ी है. ईश्वर परिवारजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें.





