
लोहरदगा : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व लोहरदगा के विधायक सह मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद पहली बार लोहरदगा पहुंचे। इस अवसर पर लोगों ने डॉ उरांव का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उनका कुडू पंडरा में जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात उन्हें लोहरदगा परिषदन लाया गया, जहां पर वे सभी कार्यकर्ताओं, शहर के प्रबुद्धजनों, विभिन्न समाजिक संगठन के लोगों, एवं आम जनता से मिले। यहां पर सभी लोगो ने फूलों का गुलदस्ता व शॉल ओढ़ाकर भेंट कर उनका स्वागत किया। शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें लोहरदगा विधायक सह मंत्री रामेश्वर उरांव ने लोगों का आभार व्यक्त किया। गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ निकाले गये इस विजय जुलूस में काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के पूर्व मंचीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं मंत्री सह लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव को विभिन्न संगठन और कमेटियां ने फूल-माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। मंचीय कार्यक्रम में नवनिर्वाचित विधायक रामेश्वर उरांव ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस पार्टी है, जिसमें जाति-पाति, ऊंच नीच का कोई भेदभाव नहीं है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश मे एक ऐसी भी पार्टी है, जो सिर्फ एक समुदाय के लिये कार्य करती है। आप सबों ने लोहरदगा समेत पूरे राज्य में गठबंधन की सरकार बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। हमारी सरकार जनता की हर समस्याओं के समाधान के लिए कृतसंकल्पित है।

राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा की जनता ने जो प्यार दिया है हम उसके लिए आभारी हैं और विश्वास दिलाते हैं कि उनके हर सपने को पूर्ण करने का कार्य किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यकर्ता रविवार को लोहरदगा के शहरी क्षेत्र में विजय जुलूस सह आभार यात्रा में खूब थिरके और धूल उड़ाए। इस बीच कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, रामेश्वर उरांव जिन्दाबाद के नारे लगाए गए। रामेश्वर उरांव की जीत पर कार्यकर्ता झूम उठे। सड़कों पर जश्न मना। कार्यकर्ताओं में एक उत्साह दिखा। कांग्रेस प्रत्याशी की जीत पर निकाले गए विजय जुलूस में हर उम्र, समाज और वर्ग के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। लोहरदगा में कार्यकर्ताओं ने माला पहना कर रामेश्वर उरांव का स्वागत किया। पईका नृत्य, डीजे की धुन, बैंड पार्टी, आतिशबाजी, मिठाई ने विजय जुलूस सह शोभायात्रा को और भी भव्य बना दिया था। राजेन्द्र भवन कांग्रेस कार्यालय से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष, युवा, महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। सोमार बाजार, बड़ा तालाब, थाना चौक, शास्त्री चौक, अप्पर बाजार, महावीर चौक, राणा चौक, मिशन चौक समेत कई स्थानों पर लोगों ने अपने विधायक का जोरदार स्वागत किया। लोगों ने कई स्थानों पर माला पहना कर विधायक का अभिनंदन किया। इस दौरान रामेश्वर उरांव एवं राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू भी पूरे जुलूस के दौरान हाथ जोड़ कर लोगों का आभार जता रहे थे। इस दौरान अशोक यादव, डॉ अजय शाहदेव, सुखैर भगत, हाजी शकील अहमद, नेसार अहमद, पवन एक्का, हाजी अफसर कुरैशी, हाजी सिकंदर अंसारी, निशित जायसवाल, सलीम बड़े, प्रभात भगत, हाजी सदरुल अंसारी, जफर खान, कमलेश कुमार, नंद किशोर शुक्ला, अख्तर अंसारी, परवेज सिद्दीकी, जगदीप भगत, कमल केशरी, लाल मोहन केशरी, तनवीर गौहर, दीपक महतो, संतोष महतो, रामाधार पाठक, जनक प्रजापति, कलीम मिरदाहा, यशवंत चौहान, निश्चय वर्मा, कंचन गोयल संदीप गुप्ता, प्रदीप विश्वकर्मा, आजाद खान, अनीस खान, मुर्शीद आलम, डोमन उरांव, रविंदर कुमार, सामूल अंसारी, दिनेश, वकील खान, रफीक अंसारी, विशाल डुंगडुंग, रेहान अख्तर, तारिक खान, अंसार अहमद, असलम अंसारी, सीमा भगत, सरिता देवी, राधा देवी, अमृता भगत समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।







