
लोहरदगा : पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान जिला लोहरदगा झारखण्ड के तत्वावधान में संगठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन गुरुकुल शांति आश्रम में यज्ञ हवन के साथ किया गया। यज्ञ हवन का कार्य आचार्य आशीष, अर्जुनदेव एवं किशन ने सम्पन्न कराया। हवन के उपरांत जिला प्रभारी एवम मुख्य योग प्रशिक्षक प्रवीण कुमार भारती ने उपस्थित संगठन प्रभारियों, आमजनों एवम ब्रह्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पतंजलि संगठन की स्थापना पांच जनवरी 1995 को की गई थी और तब से आध्यात्मिक भारत के निर्माण को लक्ष्य में रखकर योग, आयुर्वेद, स्वदेशी एवम शिक्षा के क्षेत्र में पतंजलि का कार्य उत्तरोत्तर बढ़ रहा है। आज संगठन के माध्यम से योग को लेकर आम जन भी काफी जागरूक होकर योग को अपना और स्वास्थ्य लाभ कर स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। वर्तमान में भाग-दौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहने के लिये योग प्राणायाम करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। आचार्य आशीष ने कहा कि युवाओं को योगबल से चरित्र बल बढ़ा कर एक स्वस्थ्य समाज का निर्माण कर उदाहरण प्रस्तुत करना होगा, तभी हम एक मजबूत देश और समाज का निर्माण कर सकते हैं। पतंजलि के माध्यम से आज योग आयुर्वेद और स्वदेशी का जागरण पूरे देश में है | अब लोगों की जागरूकता प्रातः काल पार्कों ,मैदानों और। परिसरों में नजर आने लगी है। सभा को शिवशंकर सिंह, अंकित, विजय व वासुदेव ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि पतंजलि ने आचार्यकुलम, गुरुकुलम, पतंजलि रिसर्च सेंटर, फूडपार्क, स्वदेशी उत्पाद और विभिन्न क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य किया है और आगे भी करता रहेगा। सभा में देवाशीष, दीपक, अर्जुनदेव, नवनीत गौड़, कुबेर भगत, शिवराज, निर्भय भारती, विजय, प्रशांत, नम्रता अग्रवाल, प्रियंका, मनोज दास, रामस्वरूप, किशन एवम ब्रह्मचारिगण उपस्थित थे।







