
लोहरदगा : राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद की 157वी जयंती के उपलक्ष्य में किस्को प्रखंड के पतगच्छा ग्राम में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 140 मरीजों की जांच कर दवा दी गयी। शिविर में ग्रामीण पतगच्छा क्षेत्र के अलावा लावागाई, डटमा, हेसापीढ़ी, भूषाढ़ आदि गांवों से लोग पहुंचे थे। इस कार्य में पतगच्छा के सहिया विरसमनी उरांव एवं कमला देवी ने भरपूर सहयोग किया। शिविर में बुखार,सर्दी, खांसी, मधुमेह, ब्लड प्रेशर, गर्भवती माता सहित कई बीमारियों की जांच की गयी। रिम्स रांची के डॉ राजेश कुमार भगत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हमेशा से युवाओं के प्रेरणा स्रोत रहे हैं। उनका विचार सबको प्रभावित करता रहा है। उनके अनमोल विचार और कर्म हमेशा समाज को प्रेरित करते रहेंगे। डॉ राजेश ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा का अवसर जब-जब मिलता है मैं पीछे नहीं रहता। समाज में बीमार लोगों की सेवा करने से सुकून मिलता है और लोगों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है। चेन्नई से आयी डॉ रश्मि रंजना ने कहा कि अगर धन दूसरों की भलाई करने में मदद करे तो इसका कुछ मूल्य है अन्यथा ये सिर्फ एक बुराई का ढेर है। उन्होंने कहा कि एक विचार लेकर उसे अपना जीवन बना लेना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य रूप से कमल कांत मौर्य, रामनरेश भगत, विकास कुमार महतो, सुबोध यादव, आलोक कुमार, निखिल लकड़ा, माधुरी सिंह, जौरी उरांव, दिनेश उरांव, महेश लोहरा, सोनम कुमारी, सोनमनी कुमारी, ईश्वर उरांव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।







