
जमशेदपुर : झारखंड में भी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है. रांची के हिंदपीढ़ी में मलेशिया से लौटी एक युवती को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाये जाने के बाद राज्य में लोग सहम से गये हैं. वजह यह है कि यह वायरस काफी तेजी से फैलता है और अभी तक इसकी कोई दवा नहीं है.
आये दिन कोरोना वायरस के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए लोगों का संशंकित होना लाजमी है, लेकिन डरने की जरूरत नहीं है. सारे देशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ही सरकार की ओर से लॉकडाउन की घोषणा की गयी है. इसके साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं.
ऐसे में आप सभी पाठकों से शार्प भारत (sharpbharat.com) की अपील है कि लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें. सुरक्षित रहें, पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें. यथासंभव घर से निकलने से परहेज करें. घर से न निकलें. यदि बहुत जरूरी हो, तभी घर से निकलें वह भी पूरे एहतियात के साथ. घर से एक ही व्यक्ति निकलें. लौटने के बाद सारे एहतियातों को पूरा करते हुए ही घर में प्रवेश करें. यानी मास्क पहन कर निकलें.
बाहर किसी से भी मिलें, तो कम से कम एक मीटर की दूरी बनाये रखें. अपने घर में भी परिवार के सदस्यों के साथ एक मीटर की दूरी पर रह कर ही बात करें. समय-समय पर साबुन या हैंडवाश से हाथ धोयें. संभव हो, तो सैनिटाइजर का उपयोग करें. जागरूक नागरिक बनें. यदि कोरोना वायरस के लक्षणों का अहसास हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
इसके अलावा यदि आपके आसपास में कोई बाहर से आया हो या किसी में कोरोना वायरस के लक्षण नजर आयें, तो उसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग व पुलिस प्रशासन को दें. क्योंकि सही समय पर इस बीमारी को लेकर डॉक्टर के पास जाते हैं, तो इसका इलाज संभव है. इस दिशा में हमारी राज्य व केंद्र व राज्य सरकारें भी तत्पर हैं.















