
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर से दस किमी दूरी पर स्थित केरा गांव के मां भगवती मंदिर में आयोजित होने वाले सभी प्रकार चैत्र नवरात्र अनुष्ठान केंद्र सरकार के लॉकडाउन के मद्देनजर जनहित में रद्द कर दिये गये हैं. मां भगवती मंदिर प्रबंध समिति केरा व केरा राजपरिवार के सदस्यों ने इससे पहले मंदिर में पहुंचकर सोशल डिस्टेंस बनाकर करवद्ध प्रार्थना की और मां से अनुष्ठान जनहित में नहीं कर पाने के लिये माफी मांगी. कोरोना वायरस भीड़ में फैलता है.
मालूम हो कि केरा में चैत्र नवरात्र में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ होती है. इस दौरान कई अनुष्ठान होते हैं. इस दौरान रोजाना मां की आस्था के कारण भक्तों की भीड़ स्वत: पहुंच जाती है. भीड़ में वायरस के संक्रमण को रोकने के लिये सरकार की ओर से लॉकडाउन की घोषणा की गयी है. अनुष्ठान होंगे तो आस्था व श्रद्धा के कारण स्वत: भीड़ होगी. इस भीड़ को रोक पाना असंभव है. भीड़ होने पर वायरस का संक्रमण बड़े पैमाने में हो सकता है. इसलिये प्रबंध समिति ने सारे कार्यक्रम व अनुष्ठान जनहित में रद्द कर दिया है.
माफ करें मां भगवती, जनता करे सहयोग : मां भगवती मंदिर प्रबंध समिति के अधयक्ष सह राजपरिवार के मुखिया संग्राम सिंहदेव ने कहा कि अंतत: जनहित में भीड़ को संक्रमण से बचाने के लिये यह बड़ृा निर्णय लेना पड़ा है. मां भगवती सहित जनता हमें माफ करे और केंद्र व राज्य सरकार के आदेशों का पालन कर घर में पूजा-पाठ करें. मंदिर में पहले से ही 14 अप्रैल तक श्रद्धालुओं का दर्शन बंद है. प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए यह निर्णय लेना जरूरी था.















