
कोडरमा : कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में एक बेटे ने अपने पिता को ही मौत के घाट उतार दिया। घटना बीती रात की है जब पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने शनिवार की सुबह पिता की हत्या कर दी। पिता की हत्या के बाद बेटे ने स्वयं थाने में जाकर सरेंडर कर दिया, जबकि घटना के बाद से मृतक की पत्नी फरार है। बताया जा रहा है कि मृतक का पत्नी से वर्षों से अनबन था और अक्सर विवाद होता रहता था। उधर, रो-रो कर परिवार के सदस्यों का बुरा हाल है। इस घटना को सुनकर लोग अचंभित हैं। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी आरएन ठाकुर व पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हमबड (घन) व टांगी बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। खबर है कि 50 वर्षीय जगरनाथ महतो उर्फ नत्था (पिता-जीतन महतो) का अपनी पत्नी व बेटे के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। और अक्सर हर बार की तरह बीती रात करीब दो बजे भी एक बार फिर से विवाद शुरू हुआ। इसी विवाद के बीच सुबह करीब 5 बजे उसके 22 वर्षीय बेटे दीपक कुमार उर्फ सन्टू ने आवेश में आकर हमबड़ व टांगी से पिता पर वार कर दिया। इस वार से जगरनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी घटना के बाद फरार हो गई, वहीं आरोपी युवक खुद थाने पहुंचा और पिता की हत्या की बात स्वीकार कर ली। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व भी पत्नी ने बेटे के साथ मिलकर जगरनाथ का हाथ-पैर तोड़ दिया था। इस घटना के बाद वह किसी तरह ठीक हुआ था, पर विवाद नहीं थमा। घटना के बाद मृतक की मां व अन्य का रो रोकर बुरा हाल है। आरोपी युवक ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा दी थी।







