जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान 35 वर्षीय मजदूर राजू सरदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. काम के दौरान दीवार टूटने से वह नीचे गिर पड़े. हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी. घटना के बाद उन्हें टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ. राजू सरदार मकान में मजदूरी कर रहे थे. इसी दौरान अचानक दीवार टूट गई और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ठेकेदार ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद उनके परिजनों को घटना की सूचना दी गई.(नीचे भी पढ़े)
अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को राजू की मौत की जानकारी मिली. इसके बाद परिवार के लोगों ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताया. परिजनों का कहना है कि उन्हें बताया जा रहा है कि राजू एक तल्ले से नीचे गिरे थे, लेकिन इतनी कम ऊंचाई से गिरने पर सिर में इतनी गंभीर चोट कैसे आई, यह समझ से परे है. परिजनों ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर मौजूद लोग हादसे की पूरी जानकारी देने से बच रहे हैं. उनका कहना है कि राजू की मौत की सूचना देने में भी वहां मौजूद लोगों ने हिचकिचाहट दिखाई. इससे घटना को लेकर परिवार की आशंकाएं और बढ़ गई हैं.बताया जाता है कि राजू सरदार लंबे समय से स्थानीय ठेकेदारों के अधीन रहकर मजदूरी करते थे. फिलहाल उनकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और हादसे की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं.












