जमशेदपुर: जुस्को स्कूल साउथ पार्क में बुधवार को छठे संस्करण के अंतरविद्यालयी कार्यक्रम इकोनोविस्टा 2के 26 का आयोजन किया गया. इसमें शहर के 29 स्कूलों के कुल 1028 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कौशल प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना था.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेईएम फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी रुचि नरेंद्रन उपस्थित थीं. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रचनात्मकता के साथ निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने में मदद करती है. विशिष्ट अतिथि के रूप में जेईएम फाउंडेशन के प्रशासक फ्रांसिस जोसेफ मौजूद थे. उद्घाटन समारोह में जेईएम फाउंडेशन के सीनियर मैनेजर जिजू थॉमस, केएचएस के प्राचार्य राकेश पांडेय और मैनेजर नवीन कुमार सिंह भी शामिल हुए.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई. इसके बाद स्कूल बैंड की शानदार प्रस्तुति और विद्यार्थियों के नृत्य दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. प्रतियोगिता में ऑनस्टेज और ऑफस्टेज मिलाकर कुल 15 इवेंट आयोजित किए गए.स्कूल की प्राचार्या मिली सिन्हा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आपस में संवाद करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं.प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जुस्को स्कूल कदमा और सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल ने संयुक्त रूप से जीती. डीबीएमएस हाई स्कूल प्रथम उपविजेता और शिक्षा निकेतन द्वितीय उपविजेता रहा. पुरस्कार वितरण समारोह में फ्रांसिस जोसेफ और जिजू थॉमस उपस्थित थे. आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.












