
चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को चाकुलिया प्रखंड के कांग्रेसी अपने अपने आवास पर एकदिवसीय अनशन पर बैठे. अनशन पर बैठे वरिष्ठ कांग्रेसी अनिल मिश्रा और अल्प संख्यक मोर्चा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष फजलुर रहमान ने कहा कि उनकी मुख्य मांग आर भारत के चीफ एडिटर अर्नव गोस्वामी की गिरफ्तारी है. उन्होंने कहा कि विगत दिनों आर भारत के चीफ एडिटर अर्नव गोस्वामी के द्वारा कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपमानित करने, अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने तथा भारत में साम्प्रदायिकता फैलाने का प्रयास करने के खिलाफ सम्पूर्ण भारत में लगभग पांच सौ एफआईआर की जा चुकी है. इस पर अर्नव गोस्वामी को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अनशन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कहा कि सोनिया गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष हैं. एक महिला अध्यक्ष के प्रति अमर्यादित शब्द बोलते है, अर्नब गोस्वामी. यह तो महिलाओं के प्रति असम्मान की भावना को दर्शाता है. सोनिया गांधी निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं,139 वर्ष पुरानी पार्टी की अध्यक्ष है. उनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है. क्या अर्नव गोस्वामी का यही संस्कार है कि सीनियर सिटीजन महिला को अपमानित करें व अमर्यादित शब्द बोल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करें. एेसे व्यक्ति को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है. कांग्रेसी अपने घर पर हस्त लिखित पोस्टर लगाकर अनशन कर अर्नव गोस्वामी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी के फजलुर रहमान, वरिष्ठ कांग्रेसी पतित पावन बेरा, अभय महंती, अनिल मिश्रा, रमाकांत शुक्ला, अभिषेक मिश्रा, भोमबल राय, पुरुषोत्तम बाल्मिकी समेत अन्य ने अपने घर पर दिन भर अनशन पर बैठे रहे.







