
घाटशिला : घाटशिला रेलवे स्टेशन के आरपीएफ बैरेक में तैनात जवान के खड़गपुर में कोरोना पोजिटिव पाये जाने को लेकर पूरे घाटशिला अनुमंडल में हड़कंप का माहौल है. इसे लेकर प्रशासन ने घाटशिला शहर को गोपालपुर फाटक से लेकर धर्मशाला तक सड़क सील कर दिया है. दूसरी ओर पॉजेटिव जवान के साथ क्वारंटाइन में रहा एक अन्य जवान 15 से लेकर 19 अप्रैल तक जिन लोगों से मिला था, जिन दुकानों से समान की खरीदारी की थी, उन सभी लोगों की सीसीटीवी कैमरे और पूछताछ के आधार पर पहचान की गयी है. इस आधार पर 13 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है. साथ ही 10 लोगों को मुसाबनी प्रखंड स्थित स्वांसपुर क्वारंटाइन सेंटर एवं 3 को होम क्वारंटाइन के आदेश दिया गया है.
इन इलाकों को किया गया सील
प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर घाटशिला के प्रमुख पांच स्थानों को सील किया है. जिसमें गोपालपुर फाटक से लेकर मारवाड़ी धर्मशाला जिसमें ड्राप आउट गेट लगाया गया है. इस गेट से आवश्यक वस्तु, एंबुलेंस समेत जरुरी काम वाले लोगों को जाने दिया जायेगा. इसके आलावे घाटशिला रेलवे स्टेशन परिसर के सुभाष चौक गेट और बैंक ऑफ इंडिया गेट को भी सील किया गया है. इसके आलावे साड़पुरा पेट्रोल पंप एवं शिशु मंदिर जाने वाली सड़क को भी सील किया गया है. इन सभी रास्तों का बैरकेटिंग किया गया है. साथ ही इन पांचो गेट पर दंडाधिकारी की नियुक्ती के साथ पुलिस बल भी तैनात रहेंगे.इस अभियान में एसडीओ अमर कुमार, बीडीओ संजय कुमार दास, सीओ रिंकु कुमार, आईपीएस प्रशक्षिु मनोज स्वर्गीयार, डीएसपी राज कुमार मेहता , कार्यपालक दंडाधिकारी समेत अन्य अधिकारी और जवान शामिल है.
नही खुलेगी सील एरिया में एक भी दुकान
घाटशिला मुख्य शहर के जिन क्षेत्रों को सील किया गया है, उनके अंदर के एक भी दुकान नही खुलेगी. इसके पीछे यह उद्देश्य है कि दुकान खुलने से लोग समान खरीदने किसी प्रकार से आयेंगे जररूर, इसलिए सभी दुकानों को प्रशासन के आदेश पर बंद किया गया है. हालांकि आवश्यक वस्तुओ को लाने ले जाने में किसी प्रकार का कोई प्रतिबंध नही है.
जवान सहित कई लोगों का लिया गया है ब्लड सैंपल
घाटशिला के आरपीएफ बैरक में तैनात जवान के कोरोना पॉजेटिव पाये जाने के बाद शुक्रवार को उपायुक्त के आदेश पर आरपीएफ के जवानों का ब्लड सैंपल जांच के लिए लिया गया. सूत्र बताते है कि जांच के बाद कुछ का रिपोर्ट रविवार की रात आ चुकी है सभी की रिपोर्ट निगेटिव है. बाकी की रिपोर्ट सोमवार की रात तक आने की संभावना है.
खड़गपुर रेल मंडल के सभी आरपीएफ जवान क्वारंटाइन
सूत्रों के अनुसार आरपीएफ के एक जवान को कोरोना पॉजेटिव पाये जाने के बाद आरपीएफ खड़गपुर मंडल के सभी जवानों को जांच के पश्चात क्वारंटाइन या फिर होम क्वारंटाइन कर दिया गया है.
घाटशिला में 65 लोगों को किया गया क्वारंटाइन
आरपीएफ के जवान के कोरोना पॉजेटिव पाये जाने प्रशासन ने घाटशिला में कुल 60 लोगों को होम क्वारंटाइन या फिर क्वारंटाइन किया गया है. जिसमें शुक्रवार को आरपीएफ के 41 जवान समेत अन्य 19 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है.







