
जमशेदपुर : कोरोना संकट के दौरान जरूरतमंदों के बीच फूड पैकेट (कच्चा राशन) वितरण के लिए कन्ट्रोल रूम प्रभारी ए.डी.एम. (लॉ एंड आर्डर) ने विभिन्न संस्थाओं के लिए क्षेत्र निर्धारण कर दिया है। रेड क्रॉस सोसाईटी मुख्य सेन्टर द्वारा अब सिर्फ बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, परसुडीह, सुन्दरनगर, बागबेड़ा क्षेत्र से जरुरतमंदों के लिए राशन की आवश्यकता को लेकर कन्ट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के आधार पर वहां फूड पैकेट (कच्चा राशन) वितरण करेगी। रेड क्रॉस सोसाईटी, मानगो सेन्टर द्वारा मानगो पारडीह के बायें क्षेत्र में राशन प्रदान किया जायेगा। वहीं रेड क्रॉस के जोजोबेड़ा सेन्टर द्वारा गोविन्दपुर, गदड़ा, राहरगोड़ा, बारीगोड़ा में मिली सूचना के आधार पर राशन प्रदान किया जायेगा। इन तीनों सेन्टर का समन्वय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मुख्य सेन्टर के माध्यम से किया जायेगा। नगर के शेष भाग में जे.एन.ए.सी. द्वारा जुगसलाई नगर पालिका क्षेत्र में जुगसलाई नगरपालिका द्वारा एम.एनए.सी. द्वारा मानगो पारडीह रोड के दाहिने तरफ, डिमना रोड, एऩ.एच.-33 के गांवों में राशन वितरित किया जायेगा। कन्ट्रोल रूम से संस्थाओं को जरुरतमंद की सूची भेजी जायेगी, उसी के आधार पर उपरोक्त एजेंसियां व रेड क्रॉस जरुरतमंदों तक राशन पहुंचाने का प्रबंध करेगी। ग्रुप या किसी संस्था को वितरण हेतु राशन पैकेट नहीं प्रदान किया जायेगा। अन्य संस्थाएं अपने स्तर से राशन प्रदान कर सकती है। उपरोक्त जानकारी रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने प्रदान की।

270 जरूरतमंदों के बीच राशन का वितरण
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए लागु लॉक डाउन पीरियड के लगातार 34वें दिन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के द्वारा पीड़ित मानवता की सेवा के तहत जरुरतमंदों तक राशन पहुंचाने का कार्य जारी रहा। आज इस क्रम में जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के आधार पर 100 से अधिक लोगों को राशन पहुंचाया गया, साथ ही रेड क्रॉस द्वारा चिन्हित जरूरतमंदों के बीच 170 राशन पैकेट वितरित किये गये। इन पैकेट में रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा चावल, दाल, तेल, नमक, सोयाबिन, सत्तू एवं आलू प्रदान किया जा रहा है। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस की प्राथमिकता है कि हर घर में लोगों को भोजन मिले, उन्होने कहा कि इस दौरान प्रत्येक सक्षम परिवार को भी चाहिए कि वह ध्यान रखे कि कैसे उसके घर के बगल में किसी जरूरतमंद की मदद हो सके।







