
बहरागोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन में विभिन्न राज्य में मजदूरी करने गये मजदूरों के अपने घर वापसी करने के दौरान बहरागोड़ा प्रशासन द्वारा पकड़ कर प्लस टू उच्च विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया था. बाहरी राज्य के क्वारंटाइन में रह रहे बिहार के 61 मजदूरों को शनिवार को स्थानीय प्रशासन ने बस से बिहार के लिए रवाना किया. वहीं यूपी और बंगाल राज्य के लगभग 60 मजदूरों को क्वारंटाइन में रखा गया है. यह जानकारी बीडीओ राजेश साहू ने दी. उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा प्लस टू उच्च विद्यालय में बने क्वारंटाइन में अगले 40 दिनों से मजदूर क्वारंटाइन थे. कहा कि बिहार के 61 मजदूरों को बस से बिहार रवाना किया गया है. क्वारंटाइन से घर जाते सभी मजदूरों की चेहरे पर खुशी झलक रही थी. मजदूरों ने कहा कि विगत 40 दिनों से वे यहां फंसे हुए हैं, कोरोना वायरस से डर और परिवार की चिंता है. वे अपने घर जा रहे हैं इससे वे सभी खुश है. वहीं शुक्रवार की रात बस से 41 मजदूर ओड़िशा से बहरागोड़ा पहुंचे हैं. सभी मजदूरों को प्लस टू उच्च विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया है.















