
जमशेदपुर : पिछले एक महीने से बागबेड़ा कॉलोनी में अनियमित रूप से पानी की आपूर्ति हो रही है. अत: बागबेड़ा जलापूर्ति योजना अंतर्गत बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के सप्लाई वाले पानी में अवैध रूप से टुल्लू पंप, मोटर एवं अवैध कनेक्शन स्वेच्छा पूर्वक नहीं हटाया गया तो प्रत्येक घरों का निरीक्षण कर अवैध रूप से लगे टुल्लू पंप, मोटर, अवैध कनेक्शन हटाये जायेंगे. इसके साथ ही पंप, मोटर व कनेक्शन लगानेवालों के खिलाफ विभागीय स्तर से दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत भवन में ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है. इस संबंध में बुधवार (13 मई 2020) को बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में टेंपो के माध्यम से एलाउंसमेंट (घोषणा) करवा कर कलोनी वासियों को इस निर्णय से अवगत करवा दिया गया है. साथ ही घोषणा के दिन से एक सप्ताह के बाद हर घर का निरीक्षण किया जायेगा. निरीक्षण के क्रम में पकड़े जाने पर टुल्लू पंप, मोटर, अवैध कनेक्शन लगाने वालों पर जुर्माना सहित विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा प्लंबर के द्वारा अवैध कनेक्शन किए जाने पर भी प्लंबर के ऊपर भी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है तथा बिना सिक्योरिटी मनी रसीद के किसी भी प्लंबर को पानी का कनेक्शन नहीं देने की चेतावनी दी गई है. बैठक में पीएचडी विभाग के जेई राजकुमार मुंडा, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की मुखिया बाहामुनि हेंब्रम, उप मुखिया सुनील गुप्ता, जलसहिया जगदीप कौर, सदस्य रामदेव ठाकुर, भवनाथ सिंह, अजय सिंह बब्बू एवं उमेश पांडेय उपस्थित थे.
स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंप कर समिति से अवैध टुल्लू पंप व कनेक्शन हटाने की मांग की
बागबेड़ा में अनियमित रूप से पानी आपूर्ति का कारण सप्लाई वाले पानी में अवैध रूप से टुल्लू पंप, मोटर एवं अवैध कनेक्शन स्थानीय लोगों ने बताए हैं. स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति को सौंप कर अवैध रूप से टुल्लू पंप, मोटर, अवैध कनेक्शन हटाने की मांग ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति से की है.







