
बहरागोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण बीमारी के कारण सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन होने से वाहनों का परिचालन बंद है. रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन किये मजदूर अपने घर वापसी कर रहे हैं. आए दिन अखबार और विभिन्न न्यूज चैनलों में दिखाया जा रहा है कि अन्य राज्यों से मजबूर पैदल और भूखे पेट ही अपने गांव वापस लौट रहे हैं. मजदूरों के हित में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी द्वारा बनाए गए रोटी बैंक से मजदूरों को काफी सहयोग मिल रहा है. रोटी बैंक के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने दूसरे दिन 530 प्रवासी मजदूरों को रोटी, पराठे, पुड़ी, सब्जी, गुड़ और आचार के भोजन पैकेट का वितरण किया. विदित हो की डॉ गोस्वामी ने दो दिन पूर्व बहरागोड़ा के नागरिकों से प्रवासी मजदूरों के लिए पका हुआ भोजन प्रदान करने का आग्रह किया था.इस हेतु रोटी बैंक बनाया गया था. आज सबेरे से ही लोगों विशेषकर महिलाओं में भोजन एकत्रित करने की होड़ लगी हुई थी. बहरागोड़ा के लोगों ने उत्साह एवं आत्मीयता के साथ रोटी-सब्जी प्रदान किए. कई दिनों से पैदल चलकर दक्षिण भारत के विभिन्न स्थानों से झारखंड की सीमा जामशोला पहुंचे प्रवासी मजदूरों को भोजन उपलब्ध कराया गया. भोजन पैकेट वितरण में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष बाप्टु साव, राजकुमार कर, उत्तम साव, देवाशीष दास, कौशिक माइती, श्रीबत्स घोष, मीनाक्षी जाना, भक्तिश्री पांडा, अजित पात्र, गोपाल साव, सुकुमार देहुरी, संजीव कुंवर, दिवाकर शर्मा, चंदन सीट, श्याम दे, कुणाल सीट, हेमकांत भुइँया, संजय किस्कु, विश्वजीत सीट, अनल कामिला, अमित नायक, स्वरूप नायक, हरि चंदन जाना समेत अन्य ने अहम भूमिका निभाई. डॉ गोस्वामी ने कहा कि दूसरे राज्यों से सड़क मार्ग द्वारा आने वाले प्रवासी मजदूरों को प्रति दिन बहरागोड़ा में भोजन मुहैया कराया जाएगा. डॉ गोस्वामी ने प्रवासी मजदूरों को भोजन की व्यवस्था में सहयोग करने के लिए बहरागोड़ा की जनता के प्रति आभार प्रकट किया है.















