
चाईबासा : ग्रीन जोन क्षेत्र मोरबी जिले से पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुल 1,501 श्रमिक स्पेशल ट्रेन से टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से उन्हें स्टेशन परिसर में ही स्क्रीनिंग जांच करते हुए होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं सुरक्षा बल की उपस्थिति में वाहन के द्वारा उनके गांव-घर पहुंचाया जा रहा है. यह जानकारी पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल ने दी. उन्होंने बताया कि गुरुवार को लगातार दूसरे दिन इस पूरी प्रक्रिया के दौरान टाटानगर स्टेशन पर वरीय प्रभार में जिला भू अर्जन पदाधिकारी एजाज अनवर, चाईबासा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक(मुख्यालय) सुधीर कुमार उपस्थित थे. स्टेशन परिसर में दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त जिले के अंचलाधिकारी सहित जिले के नजारत प्रभारी रवि कुमार भी उपस्थित थे.

उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में देश के 24 हॉटस्पॉट जिले से लौटने वाले सभी व्यक्तियों सहित शेष अन्य जिलों से लौटने वाले व्यक्तियों में वायरस संक्रमण का लक्षण होने पर ही उन्हें स्टेट क्वारंटाइन में रखना है. यद्यपि आज लौटे सभी श्रमिक ग्रीन जोन क्षेत्र से हैं. अतः आवश्यक स्क्रीनिंग जांच के उपरांत सभी को होम क्वारंटाइन में रहते हुए सामाजिक अलगाव के नियमों का पालन करने की आवश्यकता है तथा सभी इन नियमों का पालन करें. इसके लिए जिला प्रशासन के द्वारा स्टेशन परिसर में ही प्रत्येक व्यक्ति को स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड के प्रावधानों के तहत आवश्यक खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवायी गयी है.














