- लॉकडाउन का फायदा उठा कर निरीह मजदूरों को ठग रहे ट्रक चालक
- पार्षद ने ट्रक को दबोचा, सभी मजदूरों के रुपये वापस करवाये

सरायकेला : लॉकडाउन के बीच मजदूरों के पलायन का सिलसिला लगातार जारी है. जहां देशभर के मजदूर अभी भी अपने गांव की ओर जाने की हरसंभव जुगत में जुटे हुए हैं. वहीं केंद्र और राज्य सरकार के प्रवासी मजदूरों को सहयोग के दावों के बीच मजदूरों को सरकार पर एतबार ना रहा. इन सबके बीच मजदूरों की जानें भी जा रही है, फिर भी मजदूर अपने गंतव्य की ओर चलते चले जा रहे हैं. यहां तक कि जहां मजदूरों को अपने गांव तक पहुंचने में पहले 5 सौ रुपए खर्च करने पड़ रहे थे वही मजदूरों को आज मुश्किल के इस दौर में भेड़- बकरियों की तरह ट्रकों और लारियों पर लादकर 10 गुने किराया वसूल कर ढोए जा रहे हैं. फिर भी मजदूर ठगी का शिकार हो रहे हैं. ताजा मामला जमशेदपुर का है. जहां तमिलनाडु से बिहार के सात मजदूरों से 21 हजार किराया लेकर एक ट्रेक जमशेदपुर पहुंचा, लेकिन ट्रक के चालक ने सभी मजदूरों को एनएच 33 पर यह कहकर उतार दिया कि उनकी गाड़ी में जमशेदपुर का माल लदा हुआ है उसे उतारकर लौटेंगे तब उन्हें आगे लेकर जाएंगे, लेकिन घंटों बीत गए ट्रक नहीं लौटा. इसकी जानकारी पार्षद पिंटू दत्ता को मिली. वहीं पिंटू दत्ता ने ट्रक चालक को टाउन के भीतर एक गोदाम में माल खाली करने के दौरान दबोच लिया. जिसे वापस हाईवे पर लेकर पहुंचे. जहां उन्होंने सभी मजदूरों का पूरा पैसा वापस कराया. बताया जाता है कि सभी मजदूर बिहार के अलग-अलग जिलों के थे, इन सब से मनमाने ढंग से किराया ट्रक ड्राइवर ने वसूला था, लेकिन पार्षद के सहयोग से सभी मजदूरों को पैसे वापस कराए गए. वहीं पार्षद पिंटू दत्ता ने भरोसा दिलाया कि वे सभी मजदूरों को उनके गांवों तक भिजवाने का प्रबंध कर रहे हैं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक सभी मजदूर हाईवे पर ही डटे हुए थे.















