
जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को जमशेदपुर के सर्किट हाऊस में बिजली बोर्ड के अधिकारियों के साथ-साथ प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की. इस बैठक में जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस दौरान जमशेदपुर में बिजली की समस्या के निराकरण पर बातचीत की गयी. बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर के विधायक बन्ना गुप्ता ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बिजली की व्यवस्था को आने वाले 72 घंटे में दुरुस्त कर लिया जायेगा. पूरे तौर पर ठीक होने के बाद 15 दिनों के बाद फिर से वे समीक्षा बैठक करेंगे. इस समीक्षा बैठक के बाद सबकी रिपोर्ट लेंगे, लेकिन 72 घंटे में जमशेदपुर की बिजली ठीक हो जायेगी.
उन्होंने बताया कि कई जगहों पर एबी स्विच लगाने की आवश्यकता है. एबी स्विच की खरीददारी हो रही है और सभी को लगाने का काम चल रहा है. एबी स्विच 80 लग चुका है और 75 लगने वाला है, जिससे बिजली कहीं दिक्कत हो तो पूरे क्षेत्र की बिजली काटने की जरूरत नहीं पड़े. इसके अलावा अंडरग्राउंड केबलिंग के काम को पूरा करने को कहा गया. इस दौरान यह कहा गया कि मानगो में एक स्थान डीसी के स्तर पर चिन्हित किया जाये, ताकि एक नया सब स्टेशन मानगो क्षेत्र में बनाया जा सके. बैठक में मंत्री के अलावा उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, अपर उपायुक्त सौरव कुमार सिन्हा, बिजली बोर्ड के जीएम अरविंद कुमार, सुधांशु ईएसई उपस्थित रहे. बैठक में मंत्री द्वारा बिजली समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उसके निष्पादन हेतु पदाधिकारियों से विमर्श किया गया एवं उन्होने इसपर अपने सुझाव भी दिए. मंत्री द्वारा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कार्य-योजना बनाने का निदेश दिया गया. उन्होने कहा कि अभी गर्मी का समय है और इस मौसम में लगातार कदमा, सोनारी, मानगो, आजादनगर आदि क्षेत्र में बिजली के लिए त्राहिमाम हो रहा है जिसको देखते हुए विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को कुछ कार्य सौंपा है, विद्युत विभाग से जुड़े कुछ बड़े कार्य भी करने हैं वहीं कुछ छोटे-छोटे कार्यों के बिना भी विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है जैसे करीब 225 ट्रांसफॉर्मर में एबी स्वीच नहीं लगा है, इस हेतु प्रस्ताव बनाने को निदेशित किया गया है. मंत्री ने विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को निदेशित किया कि बालीगुमा ग्रीड का कैपेसिटी बढ़ाने का एक प्रस्ताव तैयार कीजिए.
राज्य में 90 हजार वेकेंसी, सारे वेकेंसियों को प्रक्रिया के तहत भरा जायेगा
मंत्री ने कहा कि राज्य में 90 हजार स्वास्थ्य कर्मियों की वेकेंसी है. लेकिन कुछ कानूनी बाध्यता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा अभी सरकार पूरी तरह से काम भी शुरू नहीं कर सकी थी, कि वैश्विक संकट कोरोना महामारी के चपेट में पूरा राज्य आ गया है. वैसे सारे पदों को भरा जायेगा, जिसके लिए बहाली की प्रक्रिया को अभी पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्तर पर फैसला लिया जायेगा. वहीं पूर्व की सरकार पर निशाना साधते हुए मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि डबल इंजन की सरकार रहते हुए राज्य में स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी. लेकिन इतने कम समय में राज्य की वर्तमान सरकार ने जितनी तत्परता से कोरोना जांच केंद्र से लेकर अस्पतालों में आइसोलेशन बेड वगैरह उपलब्ध कराने का काम किया वह काबिले तारीफ है. मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा जल्द ही राज्य के 4 जिलों में जांच केंद्र खुलने जा रहा है. साथ ही वैश्विक संकट से लड़ने के लिए कई जरूरी तकनीकों की खरीददारी भी बड़े; पैमाने पर किए जाने की बात उन्होंने कही. वही मंत्री बन्ना गुप्ता ने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि राज्य के प्रवासी मजदूरों को प्लेन से लाने की बात कहने पर मुख्यमंत्री का कुछ लोग मजाक उड़ाते थे, लेकिन मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता ने ऐसा कर दिखाया. वही बन्ना गुप्ता ने केंद्र की ओर से दी जाने वाली 20 लाख करोड़ राहत पैकेज से गरीबों को दस दस हजार रुपए की मदद किए जाने की मांग की है. साथ ही मनरेगा में 200 दिनों का रोजगार और मनरेगा के तहत मजदूरों को न्यूनतम साढे तीन सौ दिए जाने की मांग की जिससे मजदूरों का जीवन स्तर ऊंचा हो सके. उधर कोयले की सब्सिडी में बराबर की हिस्सेदारी की मांग मंत्री ने की है, ताकि झारखंड की अर्थव्यवस्था फिर से पटरी पर आ सके.















