
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लाक डाउन की घोषणा की है. लाक डाउन होने से रोजगार के लिए पलायन किए मजदूर अपने गांव लौट रहे हैं. बाहर से आये मजदूरों को स्थानीय प्रशासन द्वारा गांव के विद्यालय में ही क्वारंटाइन किया जा रहा है. वही प्रखंड की चालुनिया पंचायत के सीमांतशोल गांव के 8 मजदूर आंध्रप्रदेश से गांव लौटे हैं, मगर पदाधिकारियों ने उन मजदूरों को क्वारंटाइन नहीं किया और न ही अब तक उनकी जांच की गई है. मजदूरों ने अपने परिवार और गांव की सुरक्षा के लिए खुद ही गांव के बाहर तम्बू लगाकर क्वारंटाइन कर लिया है. मजदूरों ने बताया कि वे सभी तम्बू में रहते हैं, घर वाले घर से खाना बनाकर पहुंचाते हैं. उन्होंने बताया कि घर से बिजली का तार खींचकर तम्बू में सिर्फ बल्ब जलाने की व्यवस्था की है. मजदूरों ने कहा कि वे सभी 24 मई को आंध्रप्रदेश से 1.50 लाख में बस भाड़ा कर गांव लौटे हैं. बस में सीमांतशोल के 8 मजदूर, कांटाबनी के 5, जोड़ाम के 4, केंदाडांगरी के 4 मजदूर और बंगाल के मजदूर आये हैं. प्रत्येक मजदूर ने 7320 रुपये बस किराया दिया है. गांव आने के बाद उन्होंने मुखिया को सूचित कर स्कूल भवन में रहने की बात कही. मुखिया ने कहा कि सभी ओरेंज जोन से आये हो, तुम सब होम क्वारंटाइन में रहो. मजदूरों ने जागरूकता दिखाते हुए खुद ही गांव के बाहर तम्बू लगाकर खुद को क्वारंटाइन कर लिया है. मजदूरों ने कहा कि सभी 14 दिन बाहर रहने के बाद ही घर जायेंगे. बरसात में तम्बू में रहने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. रात में तम्बू में रहते हैं और दिनभर बाहर पेड़ के नीचे खटिया लगाकर रहते हैं. विगत दिनों हुई बारिश में सभी ने तम्बू में बैठकर रात गुजारी है.
बीडीओ को सूचना मिलते ही सभी मजदूरों को जोड़ाम विद्यालय में शिफ्ट कराया : इस संबंध में बीडीओ लेखराज नाग ने बताया कि सर्विलांस टीम द्वारा सभी मजदूरों को होम क्वारंटाइन किया गया था, परंतु मजदूर स्वेच्छा से तम्बू में रह रहे थे. सूचना मिलते ही सभी मजदूरों को जोड़ाम विद्यालय में बने क्वारंटाइन में शिफ्ट कराया गया है. क्वारंटाइन सेंटर में मजदूरों को सारी सुविधा मिलेगी.

विधायक ने मजदूरों से मिलकर किया सहयोग और पदाधिकारी को सूचित कर बेहतर सुविधा देने की बात कही : इस संबंध में विधायक समीर महंती ने कहा कि वे दौरे के क्रम में सीमांतशोल गांव पहुंचे तो मजदूरों द्वारा तम्बू लगाकर रहने की जानकारी मिली. सूचना मिलने के बाद वे मजदूरों से मिलने पहुंचे और मजदूरों की समस्या से अवगत हुए. विधायक ने अपने स्तर पर मजदूरों को खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी और स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारी को सूचित कर सभी मजदूरों को सरकारी भवन में रखने की बात कही है.















