
चाईबासा : चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत कोलचकड़ा के पंचायत समिति सदस्य राजेश कच्छप की सूचना पर कोल्हान डिजिटल लाइब्रेरी के संयोजक संजय कच्छप और बुद्धिजीवी मंच, कमारहातु,चाईबासा के कृष्णा देवगम व रांधो देवगम ने रूंगसाई में अनाथ बच्चों को मदद की. वहां उन्होंने बच्चों को खाद्य सामग्री, साबुन, तेल, मास्क व कोपी-पेंसिल व अन्य जरूरी चीजें प्रदान किया. पिता मोटाय गागराई का पिछले मार्च माह में लम्बी बीमारी के बाद निधन चुका है. स्व मोटाय की दो पत्नियां थीं. पहली पत्नी का निधन हो गया था और दूसरी पत्नी स्व मोटाय को बीमार अवस्था में ही छोड़कर चली गई. ऐसे में दो लड़कियां नंदिनी गागराई (14), कुंदी गागराई(10) और तीन लड़के शिवा गागराई (7), कृष्णा गागराई (6) व एक चार वर्षीय बालक की जिंदगी में अंधेरा छा गया है. एक बड़ा लड़का था, वह कई वर्षों पहले कोलकाता के ईंट भट्टा में काम करने चला गया. बच्चों की परवरिश परिवार की बड़ी लड़की नंदिनी के भरोसे है. वह गांव में ही किसी घर में काम करके अपने भाई-बहनों का भरण-पोषण कर रही है. इन बच्चों का दो कमरे का घर भी जर्जर हालत में है. इन्हें सरकारी लाभ की अति आवश्यकता है.
कोल्हान डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण

बुधवार को डिजिटल लाइब्रेरी,कोलचकड़ा इंदिरा कॉलोनी और सिद्धू-कान्हू आदिवासी पुस्तकालय,सेताहाका का डिजिटल लाइब्रेरी कोल्हान ग्रुप के संयोजक संजय कच्छप और बुद्धिजीवी मंच,कमारहातु चाईबासा के कृष्णा देवगम व रांधो देवगम ने निरीक्षण किया।इस दौरान अतिथियों ने सेताहाका लाइब्रेरी के लिए सिविल सेवा परीक्षा का प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा से संबंधित टॉपर्स नोट्स एवं रेलवे व एनटीपीसी की परीक्षा की तैयारी हेतु सामग्री उपलब्ध कराया गया। इस मौके पर अतिथियों ने लाइब्रेरी की किताबों का उपयोग कर विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का उत्साहवर्धन किया।















