
संतोष वर्मा
चाईबासा : पुलिस व सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चला कर गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुईड़ा से मेरलगेडा होते हुए हाथीबुरू जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते में प्रतिबंधित भाकपा ( माओवादी ) संगठन के द्वारा लगाये गये 64 आईईडी बम बरामद करने में सफलता हासिल की है. भाकपा माओवादियों द्वारा सीरीज में केन बम लगाये जाने की प्राप्त सूचना के आलोक में गुरुवार को चाईबासा जिला पुलिस, सीआरपीएफ 60 बटालियन, झारखण्ड जगुआर एवं बीडीडीएस टीम का संयुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान संयुक्त टीम के द्वारा सीरीज में लगाये गये 40 बमों को डिटेक्ट किया। लगभग 400 से 500 फीट के एरिया को कवर करते हुए कुईडा से हाथीबुरू जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते में भिन्न-भिन्न वजन के (20 किग्रा तक वजन वाले ) अलग-अलग कुल 40 कन्टेनर बम, केन बम, कुकर बम सीरीज में कोर्डेक्स वायर से एक दूसरे से कनेक्ट किये हुए थे। सीरिज में लगे उक्त आईईडी केन बम भाकपा माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलो को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था, परंतु अभियान के दौरान एसओपी के अनुरूप उच्चतम सतर्कता बरतते हुए जिला पुलिस, सीआरपीएफ, झारखण्ड जगुआर एवं बीडीडीएस टीम द्वारा आईईडी केन बमों को चिन्हित कर लिया गया एवं बीडीडीएस टीम के द्वारा सभी आईईडी केन बम को विधिवत विनष्ट कर दिया गया।
इसी सूचना के आधार पर मामले की सत्यता जानने के दौरान मेरलगेड़ा की तरफ आगे लगभग 1-1.5 किमी बढ़ने पर संयुक्त टीम के द्वारा सीरीज में लगे 24 केन बमों को डिटेक्ट किया। लगभग 200 से 250 फीट के एरिया को कवर करते हुए अलग-अलग वजन के कंटेनर बम, केन बम सीरिज में कोर्डेक्स वायर से एक दूसरे से कनेक्ट थे। सीरिज में लगे उक्त आईईडी केन बम बीडीडीएस टीम के द्वारा विधिवत विनष्ट कर दिया गया । इस प्रकार कुल मिलाकर 64 आईईडी कंटेनर बम, केन बम एवं कुकर बम को संयुक्त टीम के द्वारा डिटेक्ट किये जाने के बाद बीडीडीएस टीम के द्वारा विधिवत नष्ट कर दिया गया।
इसी दौरान भाकपा माओवादियों ने सामने की साण्डीबुरू के पहाड़ से सुरक्षा बलों को लक्षित कर फायर किया। आत्म रक्षा में सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि इस कच्ची सड़क का उपयोग ग्रामीणों के द्वारा आवागमन के लिये किया जाता है। अतः इससे ग्रामीणों को भी काफी नुकसान हो सकता था। इस पूरे अभियान की मॉनेटरिंग डीआईजी, कोल्हान , डीआईजी, सीआरपीएफ, चाईबासा , पुलिस अधीक्षक चाईबासा एवं समादेष्टा 60 बटालियन सीआरपीएफ के द्वारा की गई। इस पूरे अभियान के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ( अभियान ) . झारखण्ड, रांची के द्वारा लगातार मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश दिया गया। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, यूएपी एक्ट, सीएलए एक्ट एव आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत गोइलकेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
ये थे छापामारी दल में
प्रणव आनंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक (अभि), राजू डी नायक टूआईसी (ओपी ) चाईबासा जिला पुलिस, सीआरपी 60 बटालियन की चार्ली, डेल्टा एवं एफ कम्पनी तथा क्यूएटी टीम, झारखण्ड जगुआर (ए 0 जी0-41), झारखण्ड जगुआर की बीडीडीएस टीम-08 एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन की बीडीडीएस टीम।












