
जमशेदपुर: मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को चतरा के सांसद सुनील कुमार सिंह ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया. दोपहर 1 बजे आयोजित इस रैली में पूर्वी जमशेदपुर समेत महानगर के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धि गिनाते हुए सांसद सुनील सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में केंद्र सरकार का दूसरा कार्यकाल ऐतिहासिक व बड़े फैसले से परिपूर्ण रहा है. उन्होंने लॉकडाउन के दौरान जमशेदपुर पूर्वी समेत जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों व प्रयासों की सराहना की. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रोबिर चटर्जी राणा, दीपक झा, श्रीराम प्रसाद, संतोष ठाकुर, पप्पू मिश्रा, रमेश नाग, ध्रुव मिश्रा समेत युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष व हजारों कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल रैली में भाग लिया.
पूर्व सीएम रघुवर दास ने पाकुड़ विधानसभा के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता
मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी अपने चिर-परिचित अंदाज में जनता के बीच केंद्र सरकार के कार्यों की रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है. हालांकि, कोरोना संकट के बीच पार्टी कोई सार्वजनिक कार्यक्रम ना करके, वर्चुअल रैली के माध्यम से जनता से रूबरू हो रही है. इसी कड़ी में, शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया. भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम रघुवर दास ने कोरोना संकट काल के दौरान पूरे प्रदेश समेत पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा की भावना से ओत-प्रोत होकर किए गए सेवा कार्यो की सराहना की. उन्होंने बताया कि देशव्यापी लॉकडाउन के बीच भाजपा के कार्यकर्ताओं की सेवा भावना ने बता दिया कि भाजपा सत्ता की नही बल्कि सेवा की राजनीति करती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच व स्पष्ट नीति के कारण विकसित देशों के मुकाबले भारत में स्थिति नियंत्रण में है. श्री दास ने देश को आत्मनिर्भर व स्वावलंबन बनाने की दिशा में 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज के एलान को सुपरपॉवर बनने की दिशा में मील का पत्थर बताया. कहा कि हम सबको ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ‘लोकल के लिए वोकल’ के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत है. लोकल उत्पाद एवं लोकल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है, हमें लोकल से ग्लोबल बनना है. वहीं, उन्होंने केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष को ऐतिहासिक उपलब्धियों से युक्त बताया. कहा कि मोदी सरकार 2.0 के एक साल भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अंकित होगा. पूर्व सीएम रघुवर दास ने पाकुड़ जिले में बिजली की समस्या, अवैध खनन एवं बांग्लादेशी घुसपैठिये पर चिंता जताते हुए सतर्क रहने की बात कही. उन्होंने कहा कि लिट्टीपाड़ा में स्वच्छ पेयजल की योजना उनके सरकार के दौरान शुरू हुई थी जो अभी प्रगति पर है. मोदी सरकार ‘हर घर में नल से जल’ योजना के तहत कार्य कर रही है, जिसे 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है. श्री दास ने कहा कि जनहित के मुद्दे पर पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आंदोलन के माध्यम से भी जनहित के कार्यो को निरन्तर पूर्ण करते रहेंगे. इस दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, वर्चुअल संवाद के प्रभाकर कुमार प्रसाद, ज्ञान प्रकाश, जयदीप मुखर्जी समेत अन्य उपस्थित रहे.













