
जमशेदपुर : कोरोना महासंकट के बीच पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट दिनों दिन चर्चाओं में है. विभिन्न प्रदेशों में फंसे मज़दूरों को वापस लाने की क़वायद में बहरागोड़ा के पूर्व विधायक के प्रयासों की चर्चा आये दिन हो रही है.पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड के 12 मज़दूर मथुरा में फंसे हैं. सभी मज़दूर उत्तर प्रदेश के मथुरा में वृंदावन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में काम करते हैं. कोरोना महासंकट के कारण उत्पन्न वित्तीय संकट को देखते हुए कंपनी ने कर्मचारियों की छंटनी कर दी है.

सभी मज़दूर वापस पूर्वी सिंहभूम लौटना चाहते हैं लेकिन संसाधनों के अभाव और पैसों की कमी के कारण लौट नहीं पा रहे हैं. मज़दूरों की वीडियो अपील व्हाट्सएप के माध्यम से बहरागोड़ा के पूर्व विधायक और भाजपा के युवा नेता कुणाल षाड़ंगी तक पहुंचीं तो उन्होंने शुक्रवार को इस मामले में ट्वीट कर उत्तरप्रदेश सरकार और मथुरा पुलिस से मदद के लिए निवेदन किया.
कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट पर संज्ञान लेते हुए मथुरा पुलिस मज़दूरों तक पहुंची. इस मामले में मथुरा पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन ने मज़दूरों को वापस पूर्वी सिंहभूम लौटने का प्रबंध किया है. कंपनी प्रबंधन ने मज़दूरों के लिए 26 जून को वापसी के लिए टिकट बुक करा दिया. युवा भाजपा नेता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने इसको लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और मथुरा पुलिस के प्रति आभार जताया. कुणाल षाड़ंगी के इस पहल से मज़दूरों ने राहत की सांस ली है.













