
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के विवाद मामले में आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने विधवा नीतू सिंह के समर्थन में उतरने वाले आजसू प्रवक्ता अप्पु तिवारी पर दर्ज़ झूठे मुकदमे में टेल्को थाना की भूमिका पर सवाल उठाया है. उन्होंने इस मामले में बयान जारी करते हुए एसएसपी या सिटी एसपी के स्तर से अनुसंधान कराने की मांग उठाई है. कन्हैया सिंह ने कहा कि नीतू सिंह ने सभी राजनैतिक और सामाजिक स्तर के नेताओ से सम्पर्क कर सहयोग मांगी थी लेकिन उसके आवाज़ को दबाने की पुरजोर कोशिशें हो रही है जिसमें टेल्को थाना प्रभारी की भूमिका भी अत्यंत संदिग्ध है. आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कहा कि अनशन की सूचना पीड़िता द्वारा पूर्व में ही प्रशासन को लिखित रूप में दे दी गई थी जिसपर रोक लगाने जैसे कोई आदेश जिला प्रशासन के स्तर से जारी नहीं हुए.

दूसरी ओर अनशन पर बैठी महिला के संग पुलिस की मौजूदगी में टाटा मोटर्स के सुरक्षाकर्मियों द्वारा अभद्रता और गुंडागर्दी टेल्को पुलिस की भूमिका पर कई सवाल खड़े करती है. कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज़ करना तानाशाही और कंपनी प्रबंधन के इशारों पर कि गयी कार्रवाई प्रतीत होता है. आजसू जिलाध्यक्ष ने घटनास्थल पर मौजूद दण्डाकारी की दमनकारी कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि सोमवार को आजसू पार्टी का प्रतिनिधिमंडल वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जाँच और टेल्को थाना प्रभारी पर कार्रवाई की माँग करेंगे.

दूसरी ओर, भाजपा के प्रवक्ता अंकित आनंद ने ट्विट कर लोगों को जानकारी दी है कि उन्होंने कभी भी टाटा मोटर्स के प्लांट हेड के आवास पर कचड़ा फेंकने की धमकी या कार्यक्रम घोषित नहीं किया है. कुछ लोग उनके आंदोलन को गलत दिशा देने की कोशिश कर रहे है. दूसरी ओर, इस आंदोलन की भनक मिलने के बाद से प्लांट हेड के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी. इस बीच इस पूरे मामले में जमशेदपुर पुलिस के नोटिस का जवाब टेल्को वर्कर्स यूनियन के नेता हर्षवर्धन सिंह ने सौंपा है. हर्षवर्धन ने अपने जवाब में कहा है कि उनको टाटा मोटर्स के कुछ पदाधिकारी और यूनियन के लोग बेवजह फंसाने का काम कर रहे है.














